राज्यसभा उपचुनाव के लिए BJP ने उतारे उम्मीदवार, उत्तराखंड से दिनेश आर्य तो बंगाल से कोयल मल्लिक को टिकट

Knews Desk– राज्यसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी ने उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की खाली सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने उत्तराखंड से दिनेश आर्य और पश्चिम बंगाल से मशहूर अभिनेत्री कोयल मल्लिक को उम्मीदवार बनाया है। दोनों सीटों पर 16 अक्टूबर को मतदान होगा।

बीजेपी ने राज्यसभा उपचुनाव के साथ महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए भी उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। उत्तराखंड से पार्टी ने वरिष्ठ नेता दिनेश आर्य को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है, जबकि पश्चिम बंगाल से अभिनेत्री कोयल मल्लिक को टिकट दिया गया है। उत्तराखंड में यह चुनाव बीजेपी सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल समाप्त होने के बाद हो रहा है।

कोयल मल्लिक इससे पहले तृणमूल कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सांसद थीं। उन्होंने इसी साल 6 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली थी। इसके कुछ महीनों बाद 16 जुलाई को उन्होंने राज्यसभा सदस्यता और TMC से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद वह बीजेपी में शामिल हो गईं। अब बीजेपी ने उन्हें पश्चिम बंगाल की खाली राज्यसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।

महाराष्ट्र में बीजेपी ने विधान परिषद चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. स्मिता योगेश जाधव, नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सुधाकर विट्ठलराव कोहले और पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कौस्तुभ मुरलीधर गावड़े को उम्मीदवार बनाया गया है। महाराष्ट्र में इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

डॉ. स्मिता योगेश जाधव, डीवाई पाटिल विद्यापीठ के चांसलर डॉ. पी.डी. पाटिल की बेटी और मराठी दैनिक ‘पुढारी’ के चेयरमैन योगेश जाधव की पत्नी हैं। सुधाकर कोहले नागपुर दक्षिण सीट से पूर्व विधायक और नागपुर बीजेपी के शहर अध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं कौस्तुभ गावड़े पुणे संभाग में शिक्षकों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *