प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा को लेकर फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने केलिकुंज आश्रम में दो गुटों के सक्रिय होने का दावा करते हुए प्रेमानंद महाराज की जान को खतरा बताया है। उन्होंने आश्रम से जुड़े कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
Knews Desk- फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में दावा किया है कि केलिकुंज आश्रम में दो गुट सक्रिय हैं। इनमें एक ओर वास्तविक संत हैं, जबकि दूसरी ओर कथित तौर पर ऐसे लोग हैं, जिनका संबंध आपराधिक गतिविधियों और प्रॉपर्टी के कारोबार से है। उनका आरोप है कि कुछ लोगों की गतिविधियों से नाराज होकर प्रेमानंद महाराज बेलवन आश्रम चले गए हैं।
फलाहारी महाराज के मुताबिक, केलिकुंज आश्रम से जुड़े कुछ लोग प्रॉपर्टी के कारोबार में शामिल हैं और इसी वजह से एक गुट की महाराज से नाराजगी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आश्रम में कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग छिपे हुए हैं। दावा किया गया है कि प्रेमानंद महाराज की आड़ में ऐसे लोगों ने करीब 14 आश्रम बना लिए हैं।
फलाहारी महाराज ने कहा कि प्रेमानंद महाराज के साथ कई तपस्वी संत भी बेलवन आश्रम चले गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा को देशहित में जरूरी बताते हुए तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
पत्र में केलिकुंज आश्रम से बच्चों के गायब होने का भी आरोप लगाया गया है। फलाहारी महाराज ने आशंका जताई कि बच्चों को किडनी चोर गिरोह निशाना बना सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भूमाफिया से जुड़े कुछ संत प्रेमानंद महाराज की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं और उनकी जान को खतरा है।
इसी बीच 17 वर्षीय शिष्य अनुज चौधरी से जुड़ा मामला भी सामने आया। हाथरस निवासी अनुज के परिवार का कहना था कि वह करीब तीन महीने से लापता था। शुक्रवार को परिवार के लोग वृंदावन स्थित श्री राधा केलि कुंज आश्रम के पास धरने पर बैठ गए। परिवार ने आरोप लगाया कि आश्रम की ओर से पिछले तीन महीनों से उन्हें गुमराह किया जा रहा था और अनुज के बारे में जानकारी छिपाई जा रही थी।
बाद में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद परिवार ने धरना समाप्त कर दिया। शनिवार शाम पुलिस ने बताया कि अनुज बरसाना के एक आश्रम में मिल गया है। यह स्थान वृंदावन से करीब 45 किलोमीटर दूर है। पुलिस के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि अनुज वहीं रह रहा था।