यूपी देश का 5वां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य, योगी बोले- 2017 से पहले बुनियादी सुविधाओं और अवसरों का था इंतजार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश का निर्यात पिछले 10 वर्षों में करीब 2.27 गुना बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। उन्होंने भदोही के कालीन उद्योग को प्रदेश के निर्यात में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला बताया।

Knews Desk- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि भदोही का हुनर पहले अपनी राह तलाशता था, लेकिन अब सरकार विकास, बाजार और अवसरों के नए द्वार खोल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का 5वां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन गया है और इसमें भदोही के कालीन उद्योग का बड़ा योगदान है।

सीएम योगी ने कहा कि जिन हाथों ने अपने हुनर से भदोही के कालीन को दुनिया तक पहुंचाया, वे वर्ष 2017 से पहले बुनियादी सुविधाओं और अवसरों का इंतजार करते रहे। उनके मुताबिक, अब डबल इंजन सरकार में यही हुनर विकास और वैश्विक बाजार से जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हाथ से बने भदोही के कालीनों की मांग दुनिया में अधिक है और ये वैश्विक मंच पर उत्तर प्रदेश के हुनर की पहचान बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वह एशिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हस्तनिर्मित कालीन व्यापार मेले ‘इंडिया कारपेट एक्सपो’ के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वह कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, विक्रेताओं और उद्यमियों से संवाद करेंगे। इस अवसर पर भदोही, औराई और ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्रों में 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं की सौगात देने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ प्रदान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *