KNEWS DESK- केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े 2006 के एक पुराने मामले में विजिलेंस जांच के आदेश दिए हैं। यह मामला मलेशियाई सिविल इंजीनियर ली सी बीन की आत्महत्या से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार, 2006 में ज्ञानेश कुमार केरल के लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव थे। इसी दौरान केरल स्टेट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट के तहत एमसी रोड के उन्नयन का काम चल रहा था। इस परियोजना से जुड़े PATI-BEL कंसोर्टियम में मलेशियाई इंजीनियर ली सी बीन भी काम कर रहे थे।
ली सी बीन की आत्महत्या के बाद कथित तौर पर सामने आए सुसाइड नोट में ज्ञानेश कुमार का नाम होने की बात कही गई थी। अब करीब 20 साल पुराने इस मामले की दोबारा जांच के आदेश दिए गए हैं। सरकार ने जांच का दायरा केवल आत्महत्या से जुड़े पुराने घटनाक्रम तक सीमित नहीं रखा है। उन आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी, जिनमें कहा गया है कि मामले की मूल जांच को बाहरी दबाव के जरिए प्रभावित किया गया था। आरोप है कि जांच बीच में ही प्रभावित हुई और मामले की निष्पक्ष तरीके से पड़ताल नहीं हो सकी।
गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने विजिलेंस निदेशक को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में कथित बाहरी दबाव और किसी तरह के हस्तक्षेप के आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी। अब विजिलेंस टीम पुराने मामले से जुड़े दस्तावेजों और उपलब्ध तथ्यों की जांच करेगी। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।