खरगे ने लोकसभा-विधानसभाएं भंग कर नए चुनाव की मांग की, बैलेट पेपर से मतदान कराने पर जोर

KNEWS DESK- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कर्नाटक के कलबुर्गी में चुनावी प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने लोकसभा और सभी राज्य विधानसभाओं को भंग कर नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की। खरगे ने कहा कि नए चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाने चाहिए।

मीडिया से बातचीत में खरगे ने मौजूदा चुनावों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश में मौजूदा सरकारें वैध तरीके से चुनी नहीं गई हैं और लोकसभा व विधानसभाओं को भंग कर दोबारा चुनाव कराया जाना चाहिए। उन्होंने EVM के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाते हुए इसके कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया।

खरगे ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR में कई गड़बड़ियां हैं और इसका असर गरीबों, मजदूरों, कम पढ़े-लिखे लोगों और अल्पसंख्यकों पर पड़ रहा है। हालांकि, निर्वाचन आयोग की ओर से पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही गई है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष SIR और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ देशभर में आंदोलन जारी रखेगा। उन्होंने 30 सितंबर की INDIA ब्लॉक बैठक का हवाला देते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने संयुक्त आंदोलन का फैसला किया है। 2 से 8 अक्टूबर तक ‘सेव डेमोक्रेसी’ अभियान और 6 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों के निर्वाचन आयोग तक मार्च का कार्यक्रम भी घोषित किया गया है। खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों को कानूनी सुरक्षा देने वाले प्रावधानों पर भी सवाल उठाए और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता को लेकर चिंता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *