प्रेमानंद आश्रम में शिष्य की संदिग्ध मौत का मामला हाईकोर्ट पहुंचा, SIT जांच की मांग

KNEWS DESK- वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में शिष्य रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंच गया है। हाईकोर्ट के वकील प्रहलाद कृष्ण शुक्ला ने मुख्य न्यायाधीश को लेटर पिटिशन भेजकर मामले की जांच हाईकोर्ट की निगरानी में कराने और विशेष जांच टीम यानी SIT गठित करने की मांग की है।

वकील ने कहा है कि यह मामला देश के हजारों-लाखों श्रद्धालुओं से जुड़ा है, इसलिए इसकी अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही मामले से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए भी आवश्यक निर्देश जारी करने की गुहार लगाई गई है।

बता दें कि मथुरा के वृंदावन स्थित श्रीहित राधा केली कुंज आश्रम में 25 वर्षीय साधु रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मध्य प्रदेश निवासी रसिक दुलारी शरण के बारे में बताया गया कि उन्होंने आश्रम की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी, जिसके बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।

घटना के बाद मथुरा पुलिस ने जांच शुरू की है। पुलिस प्रेमानंद महाराज के आश्रमों में छानबीन कर रही है और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, मृतक के परिजनों की ओर से आश्रम की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए हैं और विरोध भी किया जा रहा है।

इसी बीच आश्रम से कुछ बच्चों के गायब होने का मामला भी चर्चा में आया है। वकील ने इसे गंभीर मामला बताते हुए हाईकोर्ट की सीधी निगरानी में SIT जांच या मजिस्ट्रियल जांच कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के बाद श्रीहित राधा केली कुंज ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *