KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्या के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, स्वामी प्रसाद मौर्या शनिवार, 3 अक्टूबर को दिल्ली पहुंच सकते हैं, जहां उनकी कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात होने की बात कही जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्या कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, अभी तक कांग्रेस या स्वामी प्रसाद मौर्या की ओर से उनके कांग्रेस में शामिल होने को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि मौर्या के अलावा मथुरा के पूर्व विधायक श्याम सुंदर शर्मा और दिल्ली के पूर्व विधायक अशोक कुमार के भी कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा है।
स्वामी प्रसाद मौर्या उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चित ओबीसी चेहरा रहे हैं। वह बहुजन समाज पार्टी और बीजेपी सरकार में मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा वह समाजवादी पार्टी में भी रहे। बीते कुछ वर्षों से वह अपनी अलग पार्टी बनाकर राजनीति कर रहे थे।
मौर्या ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत जनता दल से की थी। इसके बाद वह लंबे समय तक बसपा में रहे। 2016 में बसपा छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए और योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री बने। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने बीजेपी छोड़कर समाजवादी पार्टी का रुख किया। बाद में मतभेदों के चलते सपा से इस्तीफा देकर राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी का गठन किया।
सूत्रों के मुताबिक, उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में कुछ चुनिंदा सीटों पर कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ सकती है। हालांकि, गठबंधन या विलय को लेकर अभी दोनों पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।