KNEWS DESK- नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। देशभर में नायरा एनर्जी के 7,000 से अधिक पेट्रोल पंप हैं। कंपनी की ओर से यह बदलाव ऐसे समय किया गया है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में तेजी देखी जा रही है।
नायरा एनर्जी के ईंधन दामों में यह बदलाव खुदरा कीमतों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल एवं रिफाइंड उत्पादों की बढ़ती लागत के बीच अंतर को कम करने के उद्देश्य से किया गया है। हाल के दिनों में वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से तेल कंपनियों के मार्जिन पर दबाव बढ़ा है।
शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 102.3 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुई। चीन की ओर से ईंधन निर्यात रोकने और अमेरिका द्वारा खाड़ी क्षेत्र में अतिरिक्त सैनिक भेजने की संभावना से भी कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। स्पॉट मार्केट में भी कच्चे तेल की कीमत ऊंची बनी हुई है।
इससे पहले नायरा एनर्जी ने 1 जुलाई को पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी। अब कंपनी ने इन दोनों ईंधनों के दाम फिर बढ़ा दिए हैं। वहीं, सरकारी तेल कंपनियों ने मई के बाद से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। देश के करीब 90 प्रतिशत पेट्रोल पंप इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड जैसी सरकारी कंपनियों के हैं।