KNEWS DESK- राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए RSSB ने भर्ती और एलिजिबिलिटी परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। CET समेत कुल 5 परीक्षाओं का आयोजन नवंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच अलग-अलग तारीखों पर किया जाएगा।
राजस्थान स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड (RSSB) ने भर्ती और एलिजिबिलिटी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट जारी किया है। बोर्ड ने समान पात्रता परीक्षा (CET) सीनियर सेकेंडरी और ग्रेजुएट लेवल समेत 5 परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान किया है। जारी शेड्यूल के मुताबिक ये परीक्षाएं नवंबर 2026 से फरवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी।
समान पात्रता परीक्षा (CET) का आयोजन 1 दिसंबर 2026 से प्रस्तावित है। राजस्थान में CET स्कोर के आधार पर अभ्यर्थियों को कई भर्तियों में शामिल होने का मौका मिलता है। इसके अलावा टीचिंग एसोसिएट, प्रयोगशाला परिचायक और जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षाओं की तारीखें भी घोषित की गई हैं।
RSSB की ओर से आयोजित होने वाली ये परीक्षाएं पहले अक्टूबर से प्रस्तावित थीं, लेकिन राजस्थान में नगर निकाय और पंचायती राज चुनाव को देखते हुए परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया। RSSB ने इससे पहले नोटिस जारी कर शेड्यूल में बदलाव की जानकारी दी थी।
टीचिंग एसोसिएट (संविदा आधारित) सीधी भर्ती के लिए नॉन सीईटी परीक्षा 17 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इसके बाद 7, 9, 10, 11, 14, 15, 16, 17, 18 और 21 दिसंबर 2026 को भी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इस भर्ती के तहत कुल 32 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जानी हैं।
समान पात्रता परीक्षा (CET) सीनियर सेकेंडरी 2026 का आयोजन 1 दिसंबर से 3 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। यानी परीक्षा 1, 2 और 3 दिसंबर को होगी। CET सीनियर सेकेंडरी परीक्षा प्रत्येक दिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
समान पात्रता परीक्षा (CET) ग्रेजुएशन स्तर 2026 का आयोजन 16 दिसंबर से शुरू होगा। जारी शेड्यूल के अनुसार 16 दिसंबर से 18 जनवरी तक CET ग्रेजुएशन स्तर 2026 का आयोजन किया जाना है।
प्रयोगशाला परिचायक सीधी भर्ती परीक्षा-2025 का आयोजन 25 नवंबर 2026 को किया जाएगा। यह नॉन सीईटी परीक्षा होगी और एक ही पाली में आयोजित की जाएगी। वहीं, जूनियर इंजीनियर संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन 3 फरवरी 2027 से किया जाएगा। यह परीक्षा 3 से 5 फरवरी 2027 तक आयोजित होगी। जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षा भी नॉन सीईटी परीक्षा है।
RSSB की ओर से जारी इस शेड्यूल के बाद अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी और परीक्षा की तारीख के अनुसार रणनीति बनाने में मदद मिलेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा से जुड़ी आगे की जानकारी के लिए RSSB की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जाती है।