सिंगर जुबिन नौटियाल के लिए इस साल गणेश चतुर्थी का त्योहार बेहद खास बन गया। शादी के करीब दो साल बाद जुबिन नौटियाल पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी ने बेटे को जन्म दिया है। बेटे के जन्म के साथ ही जुबिन की जिंदगी में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। सिंगर ने खुद इस खुशखबरी की पुष्टि की है और बताया कि मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
Knews Desk – बॉम्बे टाइम्स से खास बातचीत में जुबिन नौटियाल ने पिता बनने की खबर की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि उनके बेटे का जन्म 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के बेहद शुभ दिन हुआ। जुबिन ने कहा, “हां, अब मैं पिता बन गया हूं! हमारे बेटे का जन्म 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के बेहद शुभ दिन हुआ। मां और बच्चा दोनों घर वापस आ गए हैं और पूरी तरह स्वस्थ हैं।”
नन्हे मेहमान के घर आने के बाद जुबिन और उनका परिवार खुशी में डूबा हुआ है। सिंगर फिलहाल अपने बेटे के साथ इन खास पलों को बिता रहे हैं। फैंस के बीच अब उनके बेटे के नाम को लेकर भी उत्सुकता है, लेकिन जुबिन ने बताया कि अभी तक उन्होंने बच्चे का नाम तय नहीं किया है।
जुबिन ने कहा, “हमने अभी अपने बेटे का नाम नहीं सोचा है… फिलहाल हम उसके साथ बिताए जा रहे इन खूबसूरत पलों को महसूस कर रहे हैं।” सिंगर ने यह भी बताया कि वह इस समय अपने बच्चे के साथ हर मिनट बिताने का आनंद ले रहे हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो जुबिन नौटियाल दिसंबर में यूके टूर पर जाने वाले हैं। इस दौरान बेटे से दूर रहने को लेकर उन्होंने कहा कि जब उन्हें शहर से बाहर जाना होगा, तो यह उनके लिए मुश्किल होगा। फिलहाल वह अपने बच्चे के साथ हर पल को एंजॉय कर रहे हैं।
जुबिन नौटियाल अपनी आवाज से लाखों फैंस के दिलों में खास जगह बना चुके हैं। उन्होंने ‘शेरशाह’ का ‘रातां लंबियां’, ‘कबीर सिंह’ का ‘तुझे कितना चाहने लगे’, ‘काबिल’ का ‘काबिल हूं’, ‘बागी 2’ का ‘लो सफर’ और ‘बजरंगी भाईजान’ का ‘जिंदगी कुछ तो बता’ जैसे कई हिट गाने गाए हैं।
जुबिन ने अपनी बचपन की दोस्त से शादी की है। दोनों ने करीब डेढ़ साल पहले शादी की थी, लेकिन साल 2026 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया। हालांकि, जुबिन ने अभी तक अपनी पत्नी का चेहरा रिवील नहीं किया है।