राज्यसभा की तीसरी सीट पर सलीम शेरवानी का दावा, अखिलेश से की मुलाकात

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी की तीसरी सीट पर अभी भी तस्वीर साफ नहीं हुई है। इसी बीच सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम शेरवानी ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की और राज्यसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। शेरवानी के मुताबिक, अखिलेश यादव ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और बताया कि 3 या 4 अक्टूबर को उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाएंगे।

दो नाम तय, तीसरी सीट पर सस्पेंस

सपा ने राज्यसभा की दो सीटों के लिए प्रोफेसर रामगोपाल यादव और पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन के नाम पर सहमति जताई है। तीसरी सीट को लेकर सलीम शेरवानी के अलावा गुर्जर नेता चौधरी रूद्रसेन और पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप के नाम भी चर्चा में हैं।

सलीम शेरवानी पांच बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं और केंद्र सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। 2024 में उन्होंने सपा के राष्ट्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दिया था और राज्यसभा में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक प्रतिनिधित्व को लेकर अपनी नाराजगी जताई थी। बाद में उन्होंने इस्तीफा वापस ले लिया था।

तीसरी सीट के लिए वोटों का गणित

यूपी विधानसभा में फिलहाल 397 विधायक हैं। राज्यसभा की एक सीट के लिए मौजूदा गणित के अनुसार 37 प्रथम वरीयता वोटों की जरूरत है। सपा के 101 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के दो विधायकों को जोड़ने पर यह संख्या 103 हो जाती है। दो उम्मीदवारों को जिताने के बाद सपा-कांग्रेस के पास अतिरिक्त वोट बचेंगे, लेकिन तीसरी सीट के लिए उसे अतिरिक्त समर्थन जुटाना होगा।

उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होना है। नामांकन की प्रक्रिया 6 अक्टूबर तक चलेगी। तीसरे उम्मीदवार को लेकर अंतिम तस्वीर उम्मीदवारों के नाम घोषित होने के बाद ही साफ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *