KNEWS DESK- एक फोन कॉल, कुछ आखिरी शब्द और फिर हमेशा के लिए खामोशी। एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र के स्वर्णपुरी जाटबपुरा मोहल्ले में 28 वर्षीय आदित्य की मौत ने उसके परिवार को तोड़कर रख दिया है। परिवार का आरोप है कि प्रेम संबंध, कथित ब्लैकमेलिंग और पांच लाख रुपये की मांग के दबाव ने आदित्य को इस कदर तोड़ दिया कि उसने अपनी जिंदगी खत्म कर ली।
आदित्य परिवार का इकलौता बेटा था। उसके जाने के बाद घर में मातम पसरा है। दो बहनों के लिए भाई का जाना ऐसा दर्द है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। परिवार जब आदित्य की आखिरी बातचीत और उससे जुड़े घटनाक्रम की दास्तान सुनाता है तो पिता की आंखों से आंसू छलक पड़ते हैं।
परिवार के मुताबिक, बीते शनिवार रात करीब 9:47 बजे आदित्य ने अपने घर के कमरे में कनपटी से सटाकर तमंचे से गोली मार ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रविवार रात पुलिस ने आदित्य की छोटी बहन जूली पत्नी अनिरुद्ध, निवासी लहरा, जनपद मैनपुरी की लिखित शिकायत के आधार पर शिवानी, उसके पिता राकेश, भाई और बहनोई विमल निवासी फर्रुखाबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पांच लाख रुपये की मांग और ब्लैकमेलिंग का परिवार ने लगाया आरोप
परिवार का आरोप है कि शिवानी पहले शादी कर चुकी थी और बाद में दूसरी जगह भी शादी हुई, लेकिन वहां से रिश्ता टूटने के बाद वह आदित्य के संपर्क में आई। परिवार के मुताबिक, प्रेम संबंध शुरू होने के बाद शिवानी के पिता राकेश ने आदित्य के परिवार से पांच लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर आदित्य और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने और शिवानी की हत्या के मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
परिवार ने कुछ ऑडियो सामने आने की बात भी कही है। इनमें कथित तौर पर पैसों की मांग और धमकी से जुड़ी बातचीत होने का दावा किया गया है। परिवार के मुताबिक, आदित्य पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। पिता का कहना है कि उन्होंने करीब 70 हजार रुपये दिए थे। परिवार का यह भी आरोप है कि 12 सितंबर को शिवानी के बहनोई विमल ने आदित्य को 10 हजार रुपये डलवाए थे और जिस दिन आदित्य की मौत हुई, उस दिन भी एक हजार रुपये डलवाए गए।
मौत से पहले पिता से हुई आखिरी बातचीत
सबसे ज्यादा झकझोर देने वाली बात आदित्य की मौत से कुछ समय पहले हुई उसके पिता से बातचीत है। सामने आए कथित ऑडियो के मुताबिक, आदित्य ने अपने पिता से कहा कि लड़की को राकेश ने भड़का दिया है। इसके बाद उसने कहा, “मैं दोबारा लौटकर आऊंगा आपका बेटा बनकर… आई लव यू पापा।” पिता उसे समझाते रहे और पैसों का इंतजाम करने की बात कहते रहे। कुछ देर बाद आदित्य ने फोन काट दिया। पिता ने दोबारा फोन किया, लेकिन तब तक आदित्य गोली चला चुका था।
आदित्य की मौत के बाद परिवार ने उसके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। रविवार शाम करीब चार बजे एटा के भूतेश्वर स्थित मोक्षधाम में उसका अंतिम संस्कार किया गया। दो बहनों के लिए यह विदाई किसी सदमे से कम नहीं थी। परिवार का कहना है कि आदित्य के जाने से उनका घर हमेशा के लिए सूना हो गया। छोटी बहन जूली का आरोप है कि शिवानी ने 19 जून को दूसरी शादी की थी और चार दिन बाद अपने पति को छोड़कर चली आई। जूली के मुताबिक, 18 जून को आदित्य ने शिवानी के लिए हजारों रुपये की मार्केटिंग कराई थी। परिवार का दावा है कि बाद में भी पैसों का लेनदेन चलता रहा।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने, षड्यंत्र और धमकी समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अब इस मामले में सामने आए ऑडियो, परिवार के आरोप और पुलिस की जांच यह तय करेगी कि आदित्य की मौत से पहले वास्तव में उसके साथ क्या कुछ हुआ था।