नंदीग्राम उपचुनाव से पहले कांग्रेस प्रत्याशी गिरफ्तार, राहुल गांधी ने बीजेपी पर साधा निशाना

KNEWS DESK- नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव से पहले कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी को लेकर पार्टी ने बीजेपी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने उनकी गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी निष्पक्ष चुनाव में भरोसा नहीं करती और चुनावी मुकाबला खत्म करना चाहती है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि मिलन प्रधान की गिरफ्तारी कोई संयोग नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतिशोध है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी कभी वोट चोरी, कभी सरकार चोरी और कभी पार्टी चोरी के जरिए सत्ता बचाने की कोशिश करती है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस न डरेगी और न झुकेगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी गिरफ्तारी को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उपचुनाव में विपक्षी उम्मीदवार को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। कांग्रेस ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी और चुनाव आयोग मिलकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।

कांग्रेस के मुताबिक, मिलन प्रधान को 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन से जुड़े 19 साल पुराने मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। पार्टी ने इस घटनाक्रम को लोकतंत्र के लिए काला धब्बा बताया और कहा कि वह इन परिस्थितियों से डरने वाली नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *