Knews Desk: उत्तर प्रदेश में प्राथमिक स्कूलों में सहायक अध्यापक यानी कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षकों की प्रस्तावित भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा का सिलेबस और एग्जाम पैटर्न जारी कर दिया है। आयोग के मुताबिक परीक्षा कुल 2 घंटे की होगी और इसमें 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। हर सही उत्तर के लिए 3 अंक मिलेंगे, जबकि गलत जवाब देने पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।
आयोग ने सिलेबस जारी करने के साथ यह भी स्पष्ट किया है कि अलग-अलग विषयों के सवाल किस स्तर के होंगे। हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी, विज्ञान, गणित तथा पर्यावरण एवं सामाजिक अध्ययन से पूछे जाने वाले प्रश्नों का स्तर 12वीं कक्षा तक का होगा। वहीं शिक्षण कौशल, बाल मनोविज्ञान, सूचना तकनीकी, जीवन कौशल प्रबंधन और अभिवृत्ति से जुड़े सवाल D.El.Ed पाठ्यक्रम स्तर के होंगे।
परीक्षा में सबसे ज्यादा सवाल भाषा विषयों से पूछे जाएंगे। हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी को मिलाकर कुल 30 सवाल होंगे। इनके सिलेबस में व्याकरण, अपठित गद्यांश, पद्यांश, Grammar और Comprehension जैसे टॉपिक शामिल किए गए हैं। इसके बाद जनरल नॉलेज और करंट अफेयर्स से 25 सवाल पूछे जाएंगे। इसमें अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और उत्तर प्रदेश से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाएं, स्थान, व्यक्तित्व, रचनाएं, अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पुरस्कार, खेल-कूद, भारतीय संस्कृति और कला से जुड़े विषय शामिल हैं।गणित और विज्ञान को भी परीक्षा में महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। दोनों विषयों से कुल 24 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें गणित के 16 और विज्ञान के 8 सवाल होंगे। विज्ञान के सिलेबस में दैनिक जीवन में विज्ञान, गति, बल, ऊर्जा, दूरी, प्रकाश, ध्वनि, जीव-जगत, मानव शरीर, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण, पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधन तथा पदार्थ एवं उसकी अवस्थाएं शामिल हैं। गणित में अंकीय क्षमता, गणितीय संक्रियाएं, दशमलव, स्थानीयमान, भिन्न, ब्याज, लाभ-हानि, प्रतिशतता, विभाज्यता, गुणनखंड, ऐकिक नियम, सामान्य बीजगणित, क्षेत्रफल, औसत, आयतन, अनुपात, सर्वसमिकाएं, ज्यामिति और सांख्यिकी से सवाल पूछे जाएंगे।
पर्यावरण एवं सामाजिक अध्ययन और शिक्षण कौशल से 8-8 सवाल पूछे जाएंगे। पर्यावरण एवं सामाजिक अध्ययन में पृथ्वी की संरचना, नदियां, पर्वत, महाद्वीप, महासागर, प्राकृतिक संपदा, अक्षांश-देशांतर, सौरमंडल, भारतीय भूगोल, स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय समाज, सुधारक, संविधान, शासन व्यवस्था, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, भारतीय अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे विषय शामिल हैं।शिक्षण कौशल में शिक्षण की विधियां एवं कौशल, शिक्षण-अधिगम के सिद्धांत, वर्तमान भारतीय समाज एवं प्रारंभिक शिक्षा, समावेशी शिक्षा, प्रारंभिक शिक्षा के नए प्रयास, शैक्षिक मूल्यांकन एवं मापन, आरंभिक पठन कौशल तथा शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशासन को शामिल किया गया है।
इसके अलावा परीक्षा में तार्किक ज्ञान के 5 सवाल पूछे जाएंगे। इसमें Analogies, Assertion and Reason, Binary Logic, Classification, Clocks and Calendars, Coding-Decoding, Critical Reasoning, Number Series, Puzzles, Venn Diagrams, Dice, Data Interpretation, Direction Sense और Letter Series जैसे टॉपिक शामिल हैं।इस परीक्षा पैटर्न को देखते हुए अभ्यर्थियों को विषयवार तैयारी के साथ-साथ नेगेटिव मार्किंग का भी ध्यान रखना होगा। खासकर रीजनिंग, सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स जैसे हिस्सों में सवाल हल करते समय गलत उत्तरों से बचना महत्वपूर्ण होगा।