राजीनामे के लिए हुई बैठक में विवाद, चाकूबाजी में 21 वर्षीय युवक की मौत

Rajasthan: जयपुर के विद्याधर नगर इलाके में पुराने विवाद को सुलझाने के लिए जुटे दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद चाकूबाजी हो गई। हमले में 21 वर्षीय शाकिर देशवाली की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई कय्यूम घायल हो गया। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Knews Desk– जयपुर के विद्याधर नगर इलाके में सोमवार देर रात राजीनामे के लिए इकट्ठा हुए दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते चाकूबाजी शुरू हो गई। इस घटना में 21 वर्षीय शाकिर देशवाली गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई कय्यूम भी चाकू लगने से घायल हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच रविवार को शराब पीने के दौरान भी विवाद हुआ था। इसके बाद सोमवार रात मामले को शांत कराने और आपसी समझौता कराने के लिए दोनों पक्षों के लोग एक जगह जमा हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर फिर कहासुनी हो गई और मामला हिंसक हो गया।

घायल कय्यूम के अनुसार, उनका कुछ युवकों से पैसों के लेनदेन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि मौके पर करीब पांच से छह लोग मौजूद थे और कुछ युवक गाड़ियों में बैठे हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान चाकू से हमला कर दिया गया। शाकिर की जांघ पर चाकू लगने से काफी खून बह गया, जबकि कय्यूम पर भी वार किया गया।

गंभीर रूप से घायल शाकिर को इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमवार रात करीब ढाई बजे उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद मृतक के घर और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि शाकिर के घर करीब 10 दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था।

विद्याधर नगर थानाधिकारी सज्जन कुमार के मुताबिक, मृतक के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में रफीक उर्फ बकरी निवासी भट्टा बस्ती समेत चार-पांच अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया है।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पैसों के छोटे-मोटे लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, चाकूबाजी की वास्तविक वजह और घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *