9 सितंबर को Apple खोलेगा राज! iPhone 18 Pro से फोल्डेबल iPhone तक क्या होगा लॉन्च?

Knews Desk– Apple का 9 सितंबर का लॉन्च इवेंट इस बार कई वजहों से खास माना जा रहा है। कंपनी ने इवेंट के लिए “Surprise and shine” थीम के साथ इनविटेशन जारी किया है। कार्यक्रम Apple Park स्थित Steve Jobs Theater में आयोजित होगा और भारतीय समय के मुताबिक रात 10:30 बजे शुरू होने की उम्मीद है। सबसे ज्यादा नजर iPhone 18 Pro सीरीज और Apple के पहले फोल्डेबल iPhone पर होगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार Apple सितंबर में पूरी iPhone 18 सीरीज लॉन्च नहीं करेगा। कंपनी iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max जैसे प्रीमियम मॉडल को पहले पेश कर सकती है। वहीं सामान्य iPhone 18 और दूसरी पीढ़ी का iPhone Air 2027 तक टाले जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, Apple ने अभी इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

फोल्डेबल iPhone को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। रिपोर्ट्स में इसे फिलहाल iPhone Ultra नाम से बताया जा रहा है। यह किताब की तरह खुलने वाले डिजाइन के साथ आ सकता है, जिसका फॉर्मेट Samsung Galaxy Z Fold सीरीज जैसा हो सकता है। इसमें करीब 5.3 से 5.5 इंच की बाहरी स्क्रीन और 7.6 से 7.8 इंच की बड़ी अंदरूनी OLED स्क्रीन मिलने की उम्मीद है।दोनों डिस्प्ले में 120Hz ProMotion सपोर्ट दिए जाने की चर्चा है। फोन को पतला और प्रीमियम बनाने के लिए Apple नए हिंज सिस्टम का इस्तेमाल कर सकता है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें नई A20 Pro चिप मिलने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो फोल्डेबल iPhone Apple के लिए एक बिल्कुल नई प्रोडक्ट कैटेगरी की शुरुआत होगी।

iPhone 18 Pro और Pro Max में भी कई बड़े अपग्रेड देखने को मिल सकते हैं। डिजाइन मौजूदा Pro मॉडल से बहुत अलग नहीं होने की उम्मीद है, लेकिन Dynamic Island को छोटा किया जा सकता है। नए कलर ऑप्शन और कैमरा सिस्टम में सुधार भी देखने को मिल सकते हैं।iPhone 18 Pro Max में 48MP मेन कैमरा और वैरिएबल अपर्चर मिलने की चर्चा है। वहीं दोनों Pro मॉडल में 2nm टेक्नोलॉजी पर आधारित A20 Pro चिप दी जा सकती है। इससे फोन की प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ने के साथ पावर एफिशिएंसी में भी सुधार होने की उम्मीद है।

कीमत की बात करें तो Apple ने अभी आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं। रिपोर्ट्स में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत पिछले मॉडल के मुकाबले करीब 100 डॉलर अधिक होने का अनुमान है। भारत में iPhone 17 Pro की शुरुआती कीमत 1,34,900 रुपये बताई गई थी।वहीं फोल्डेबल iPhone Ultra की कीमत काफी ज्यादा हो सकती है। रिपोर्ट्स में इसकी शुरुआती कीमत करीब 2,000 डॉलर यानी लगभग 1.9 लाख रुपये या उससे अधिक होने का अनुमान लगाया जा रहा है। ऐसे में 9 सितंबर का Apple Event सिर्फ नए iPhone का लॉन्च नहीं, बल्कि कंपनी के फोल्डेबल दौर की शुरुआत भी साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *