Knews Desk – साउथ सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. फिल्म को लेकर लंबे समय से जबरदस्त बज बना हुआ था और करीब चार साल बाद यश की बड़े पर्दे पर वापसी ने फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया. हालांकि, रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को मिला-जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है. जहां कुछ दर्शक इसे काफी पसंद कर रहे हैं, वहीं कुछ लोगों ने फिल्म को निराशाजनक तक बताया है.
फिल्म में यश के अलावा कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी, नयनतारा और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में हैं. सोशल मीडिया पर कई दर्शकों ने इन कलाकारों के अभिनय की भी तारीफ की है. फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है.
कमाई की बात करें तो ‘टॉक्सिक’ ने पहले ही दिन भारत में 101.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. फिल्म की शुरुआत को देखते हुए इसके जल्द ही 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की उम्मीद की जा रही है. वहीं, दुनियाभर में फिल्म की कमाई 140 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है.
‘KGF 2’ का रिकॉर्ड रह गया दूर
‘टॉक्सिक’ की तुलना यश की पिछली रिलीज ‘KGF चैप्टर 2’ से होना स्वाभाविक है. ‘KGF चैप्टर 2’ 14 अप्रैल 2022 को रिलीज हुई थी और इसके बाद करीब चार साल तक यश की कोई फिल्म सिनेमाघरों में नहीं आई. ऐसे में फैंस को उम्मीद थी कि ‘टॉक्सिक’ ओपनिंग डे पर ‘KGF 2’ का रिकॉर्ड तोड़ सकती है.
हालांकि, ऐसा नहीं हुआ. ‘KGF चैप्टर 2’ ने भारत में पहले दिन करीब 116 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था, जबकि ‘टॉक्सिक’ की कमाई 101.10 करोड़ रुपये रही. यानी शानदार शुरुआत के बावजूद यश की नई फिल्म ओपनिंग डे के कुल कलेक्शन में अपनी ही पिछली फिल्म से पीछे रह गई.
हिंदी में ‘टॉक्सिक’ ने बनाया नया रिकॉर्ड
जहां कुल ओपनिंग के मामले में ‘टॉक्सिक’ ‘KGF 2’ से पीछे है, वहीं हिंदी मार्केट में फिल्म ने बेहतर प्रदर्शन किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, ‘टॉक्सिक’ ने हिंदी में पहले दिन करीब 55 करोड़ रुपये का कारोबार किया. वहीं ‘KGF चैप्टर 2’ ने हिंदी में पहले दिन 53.95 करोड़ रुपये कमाए थे.
कन्नड़ भाषा में भी ‘टॉक्सिक’ ने अच्छी पकड़ दिखाई. फिल्म ने कन्नड़ में करीब 23.30 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि ‘KGF चैप्टर 2’ का कन्नड़ में पहले दिन का कारोबार 22.85 करोड़ रुपये था.
‘KGF 2’ की वर्ल्डवाइड कमाई भी रही शानदार
‘KGF चैप्टर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था. फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1,215 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. वहीं, फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन करीब 214 करोड़ रुपये रहा था.
अब ‘टॉक्सिक’ से भी बड़ी उम्मीदें हैं. पहले दिन 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन करने के बाद फिल्म ने अपनी मजबूत शुरुआत का संकेत दे दिया है. अब नजर इस बात पर है कि यश की यह फिल्म आने वाले दिनों में कितनी तेजी से 200 करोड़ और उसके बाद बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स की ओर बढ़ती है.