राजस्थान की Gen Alpha ने रचा इतिहास, 6.5 साल की उम्र में YouTube पर 10 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स

सैपऊ की रहने वाली आभा परमार अपने फनी और मोटिवेशनल वीडियो से देश-विदेश में बना रही पहचान, YouTube ने डायमंड बटन देकर किया सम्मानित

Knews Desk– राजस्थान के धौलपुर जिले के सैपऊ कस्बे की महज साढ़े छह साल की आभा परमार ने बेहद कम उम्र में सोशल मीडिया की दुनिया में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आभा के YouTube चैनल ‘आभा मम्मा’ के फॉलोअर्स की संख्या 10 मिलियन यानी एक करोड़ से ज्यादा हो चुकी है। इस खास उपलब्धि पर YouTube की ओर से उन्हें डायमंड बटन भी दिया गया है।

आभा की लोकप्रियता सिर्फ राजस्थान या भारत तक सीमित नहीं है। उनके फनी और मोटिवेशनल वीडियो विदेशों में भी बड़ी संख्या में देखे जा रहे हैं। कैमरे के सामने उनका मासूम अंदाज, आत्मविश्वास और बच्चों से जुड़े मनोरंजक कंटेंट दर्शकों को खूब पसंद आ रहे हैं।

कोरोना काल में शुरू हुआ वीडियो बनाने का सफर

आभा के पिता वीरेंद्र परमार के मुताबिक, साल 2022 में कोरोना काल के दौरान बच्चों के मनोरंजन और उन्हें प्रेरित करने वाले वीडियो बनाने का विचार परिवार के मन में आया। इसके बाद आभा की मां नेहा परमार ने बच्चों से जुड़े अलग-अलग विषयों पर वीडियो तैयार करना शुरू किया और उन्हें YouTube पर अपलोड किया।

शुरुआत में परिवार ने भी नहीं सोचा था कि ये वीडियो इतनी तेजी से लोगों के बीच लोकप्रिय हो जाएंगे। धीरे-धीरे आभा के वीडियो की पहुंच बढ़ती गई और बड़ी संख्या में दर्शक उनके चैनल से जुड़ते चले गए।

मासूम अंदाज और आत्मविश्वास ने जीता दिल

आभा की मां नेहा परमार के अनुसार, आभा को कैमरे के सामने वीडियो बनाना काफी पसंद है। उनके वीडियो में मनोरंजन के साथ बच्चों को सकारात्मक संदेश देने की कोशिश भी की जाती है। आभा का सहज और मासूम अंदाज दर्शकों को आकर्षित करता है।

वीडियो शूट करने के लिए परिवार ने घर में ही एक सेटअप तैयार किया हुआ है। इसी जगह अलग-अलग विषयों पर वीडियो बनाए जाते हैं। सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ती लोकप्रियता ने आभा को इतनी कम उम्र में एक खास पहचान दिला दी है।

एक करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स, मिला डायमंड बटन

‘आभा मम्मा’ YouTube चैनल के 10 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स पूरे होने के बाद आभा को YouTube का डायमंड बटन मिला है। यह उपलब्धि परिवार के लिए बेहद खास है। आभा की मां का कहना है कि इस सफलता के बाद उसका उत्साह और बढ़ा है और वह आगे भी बच्चों के लिए मनोरंजक और प्रेरणादायक वीडियो बनाना जारी रखेगी।

सोशल मीडिया पर इतनी बड़ी पहचान बनाने के बावजूद आभा अपनी पढ़ाई को भी गंभीरता से लेती हैं। परिवार के मुताबिक, वह पढ़ाई में भी अच्छी हैं और कक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मेहनत करती हैं।

साढ़े छह साल की उम्र में YouTube पर एक करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हासिल करना आभा परमार के लिए बड़ी उपलब्धि है। सैपऊ की इस नन्ही बेटी की सफलता ने न सिर्फ उसके परिवार, बल्कि पूरे धौलपुर क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *