Knews Desk- आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारत की प्रति व्यक्ति आय को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा समय में भारत की प्रति व्यक्ति आय बांग्लादेश से भी कम हो गई है।
केजरीवाल ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा कि भारत की सालाना प्रति व्यक्ति आय करीब 2,800 डॉलर है, जबकि बांग्लादेश की यह आय लगभग 2,900 डॉलर है। उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश को दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनाने का वादा किया गया था, लेकिन आज भारत इस मामले में बांग्लादेश से पीछे बताया जा रहा है।
केजरीवाल ने कहा कि 2014 में भारत की प्रति व्यक्ति आय करीब 1,600 डॉलर थी, जबकि बांग्लादेश की आय लगभग 1,100 डॉलर थी। उनके मुताबिक उस समय भारत बांग्लादेश से काफी आगे था, लेकिन अब स्थिति बदल गई है।
उन्होंने कहा कि देशवासियों को उम्मीद थी कि भारत आर्थिक विकास के मामले में दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को पीछे छोड़ेगा। इसके बजाय, उनके दावे के मुताबिक भारत की प्रति व्यक्ति आय बांग्लादेश से भी कम हो गई है।
अमेरिका और स्विट्जरलैंड का भी दिया उदाहरण
केजरीवाल ने भारत की तुलना अमेरिका, स्विट्जरलैंड और सिंगापुर जैसे देशों से भी की। उन्होंने दावा किया कि स्विट्जरलैंड की प्रति व्यक्ति आय करीब 1.15 लाख डॉलर, सिंगापुर की 99 हजार डॉलर और अमेरिका की 90 हजार डॉलर है।
केजरीवाल ने इन आंकड़ों का हवाला देते हुए केंद्र सरकार से सवाल किया कि पिछले 12 वर्षों में भारत की आर्थिक स्थिति और प्रति व्यक्ति आय में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं हुआ।