ऑटो से आया था मानस, तो क्या कोई और भी था?… प्रज्ञा मिश्रा ने CCTV से उठाए गंभीर सवाल, हथियारों ने बढ़ाई पुलिस की उलझन

Lucknow Triple Murder: लखनऊ के गोमतीनगर में हुए ट्रिपल मर्डर केस की जांच में कई नए सवाल सामने आए हैं। दिव्या मिश्रा की बहन और वरिष्ठ पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा ने CCTV फुटेज साझा कर पुलिस की जांच और घटना की टाइमलाइन पर सवाल उठाए हैं। वहीं, मानस के पास से मिले तीन अवैध हथियारों ने भी जांच की दिशा बदल दी है।

Knews Desk- लखनऊ के गोमतीनगर में ICICI बैंक अधिकारी दिव्या मिश्रा, उनकी ननद तुलिका बाजपेयी और पति मानस बाजपेयी की मौत के मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। शुक्रवार को इस केस में कई अहम बातें सामने आईं। दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा ने बैंक के बाहर का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए घटना को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। दूसरी ओर पुलिस मानस के पास से बरामद दो पिस्टल और एक तमंचे के बारे में जानकारी जुटा रही है।

प्रज्ञा मिश्रा ने CCTV फुटेज साझा करते हुए कहा कि घटना के समय बैंक के बाहर अफरा-तफरी मची हुई थी और कर्मचारी गोलीबारी के बाद इधर-उधर भागते नजर आए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर मानस कार नहीं चला सकता था, तो उसके कार से आने की बात कैसे सामने आई?

प्रज्ञा के मुताबिक, मानस ऑटो से बैंक पहुंचा था और वारदात के बाद ऑटो से ही वहां से निकल गया। ऐसे में सवाल है कि ऑटो चालक कौन था? क्या उसे मानस की योजना के बारे में जानकारी थी? और क्या इस पूरी घटना में मानस के अलावा कोई तीसरा व्यक्ति भी शामिल था?

मानस के पास तीन हथियार कहां से आए?

जांच में सबसे अहम सवाल मानस के पास मिले तीन अवैध हथियारों को लेकर है। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से दो कंट्री मेड पिस्टल और एक देसी तमंचा बरामद हुआ है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये हथियार उसे कहां से मिले और इन्हें किसने उपलब्ध कराया।

जांच एजेंसियां इस पहलू पर भी गौर कर रही हैं कि क्या हथियारों की व्यवस्था किसी बाहरी व्यक्ति या अवैध असलहा सप्लायर के जरिए की गई थी। पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने से पहले हथियारों की व्यवस्था की गई हो सकती है।

रिश्तेदारों को नहीं था मानस के इरादों का अंदाजा

मानस के मामा और ममेरे भाई ने बताया कि घटना वाले दिन सुबह उनकी मानस से करीब पांच मिनट तक सामान्य बातचीत हुई थी। मानस ने बातचीत के दौरान कोई परेशानी या तनाव की बात नहीं बताई थी। रिश्तेदारों के मुताबिक, अगर उसे किसी तरह की समस्या होती तो परिवार के लोग उसके पास तुरंत पहुंच सकते थे, क्योंकि वे उसके घर से ज्यादा दूर नहीं रहते।

घर के अलग-अलग हिस्सों के अलावा तुलिका के बेडरूम में भी CCTV कैमरे लगे होने की बात सामने आई है। इसको लेकर परिजनों ने बताया कि तुलिका मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। मानस जब काम के सिलसिले में बाहर रहता था, तब उनकी सुरक्षा और निगरानी के लिए कैमरे लगाए गए थे।

पुलिस के हाथ लगे तीन अहम CCTV फुटेज

पुलिस अब इस मामले में सामने आए अलग-अलग CCTV फुटेज को जांच का अहम हिस्सा मान रही है। इनमें दिव्या के घर से निकलने, बैंक के बाहर हुए विवाद और गोलीबारी से जुड़े फुटेज शामिल हैं। जांच अधिकारी इन वीडियो की वैज्ञानिक तरीके से पड़ताल कर घटना की पूरी टाइमलाइन तैयार करने में जुटे हैं।

इस केस में अब पुलिस के सामने मुख्य सवाल यही हैं कि मानस के पास तीन अवैध हथियार कैसे पहुंचे, वह बैंक तक किसके साथ या किसकी मदद से आया और क्या वारदात में उसके अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी। जांच आगे बढ़ने के साथ इन सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *