Knews Desk- अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली में 14 अगस्त को बादल फटने के बाद आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई। इस आपदा में सेना के कई जवान प्रभावित हुए, जबकि सात जवान लापता हो गए थे। इनमें से दो जवानों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, लेकिन राजस्थान के अलवर निवासी अग्निवीर समुद्र गुर्जर का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। सेना की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।
24 वर्षीय समुद्र गुर्जर अलवर के केसरपुर गांव का रहने वाला है। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा और दो बहनों का भाई है। समुद्र की शादी अभी नहीं हुई थी। उसके पिता खेती-किसानी करते हैं। परिवार के मुताबिक, समुद्र जल्द ही छुट्टी लेकर घर आने वाला था और अपने पिता के पैरों के ऑपरेशन में उनकी मदद करना चाहता था।
परिवार को समुद्र के लापता होने की जानकारी सेना की ओर से दी गई। इसके बाद परिजन इटाराणा स्थित सेना कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से जवान के बारे में जानकारी ली। हालांकि, छह दिन बीत जाने के बाद भी समुद्र का कोई सुराग नहीं मिला है।
समुद्र के पिता बदली गुर्जर ने बताया कि उनकी बेटे से आखिरी बातचीत 10 मई को हुई थी। समुद्र मई में छुट्टी पर घर आया था और करीब 10 दिन बाद वापस ड्यूटी पर चला गया। उसने जल्द छुट्टी लेकर घर आने की बात कही थी।
बेटे के लापता होने की खबर के बाद परिवार में मातम और चिंता का माहौल है। पिता अपने बेटे की सलामती की उम्मीद लगाए बैठे हैं, जबकि मां और दोनों बहनें उसके लौटने का इंतजार कर रही हैं। पूरे गांव में भी समुद्र को लेकर चिंता बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, 14 अगस्त की शाम करीब 4:45 बजे अरुणाचल प्रदेश के अनिनी क्षेत्र के पशुपानी इलाके में बादल फटने की घटना हुई थी। इसके बाद तेज भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ ने इलाके में भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा में चार लोगों की मौत की भी सूचना है। सेना और राहत दल अब भी प्रभावित क्षेत्र में बचाव और तलाश अभियान चला रहे हैं।