मेरे रहते PM नहीं बन सकते…. BJP छोड़ते ही राहुल गांधी पर बरसे शहजाद पूनावाला

KNEWS DESK- भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा देने के बाद शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि जब तक वह जीवित हैं, राहुल गांधी भारत के प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। पूनावाला ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल गांधी के साथ-साथ उनके पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर भी निशाना साधा।

शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “तरीका बदला है, मकसद नहीं। जब तक मैं जीवित हूं, राहुल गांधी कभी भारत के प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे।” उन्होंने एक अन्य पोस्ट में राहुल गांधी को चेतावनी देते हुए लिखा, “अब कोई फिल्टर नहीं- राहुल गांधी तैयार रहें।” पूनावाला ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने करीब 2008 में कांग्रेस के स्वयंसेवक के तौर पर राजनीति की शुरुआत की थी। उस समय वह छात्र थे। कांग्रेस में रहते हुए उन्होंने राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाए थे और बाद में पार्टी से अलग होकर भाजपा का रुख किया।

अपने बयान में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को भी निशाने पर लिया। पूनावाला ने तंज कसते हुए कहा कि वह राजीव गांधी के हमेशा आभारी रहेंगे, क्योंकि उन्होंने देश को राहुल गांधी दिया। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी की राजनीतिक भूमिका की वजह से नरेंद्र मोदी 2014, 2019 और 2024 में प्रधानमंत्री बने और 2029 में भी उनके प्रधानमंत्री बनने की संभावना है। पूनावाला ने व्यंग्यात्मक अंदाज में लिखा कि इस लिहाज से राजीव गांधी भी उनकी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे बड़े समर्थकों में शामिल हैं। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

इससे पहले शहजाद पूनावाला ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को अपना इस्तीफा सौंपा था। उन्होंने इस्तीफे में आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों का हवाला दिया। पूनावाला ने कहा कि मौजूदा स्थिति में उन्हें अपनी नौकरी से आय प्राप्त नहीं हो रही है और इसलिए उन्हें आगे के लिए नए रास्ते तलाशने की जरूरत है।

इस्तीफा देने के बाद उनके राहुल गांधी पर हमले से यह साफ है कि पूनावाला ने कांग्रेस के खिलाफ अपना राजनीतिक रुख नहीं बदला है। हालांकि, भाजपा छोड़ने के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अभी तस्वीर स्पष्ट नहीं है। उनके ताजा बयानों ने कांग्रेस और भाजपा के बीच चल रही राजनीतिक बयानबाजी को जरूर और तेज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *