मुंबई के घाटकोपर में 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत का पुलिस ने किया खुलासा, सास समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
Knews Desk- मुंबई के घाटकोपर इलाके में 35 वर्षीय सपना घांजी की मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। शुरुआत में इस मौत को बाथरूम में फिसलकर गिरने से हुई दुर्घटना बताया गया था, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो मामला हत्या का निकला। पुलिस ने मृतका की 65 वर्षीय सास धनलक्ष्मी घांजी समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, धनलक्ष्मी ने अपनी बहू की हत्या के लिए घर में काम करने वाली मेड मंगला जाधव और उसके परिवार को 3 लाख रुपये देने का वादा किया था। साजिश में मंगला के पति सुरेश, 21 वर्षीय बेटी शिवानी और 19 वर्षीय बेटे साजन के शामिल होने की बात सामने आई है।
अस्पताल पहुंचने पर हुआ शक
सोमवार रात सपना के मायके वालों को बताया गया कि वह बाथरूम में गिर गई है और ससुराल वाले उसे अस्पताल लेकर पहुंचे हैं। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पंत नगर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान पुलिस को सपना के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले। उसकी गर्दन पर नीले-काले निशान थे, जबकि सिर के बाएं हिस्से से खून निकल रहा था। इन चोटों ने पुलिस के सामने हादसे की कहानी पर सवाल खड़े कर दिए।
पूछताछ में बदले सास के बयान
शुरुआत में सास धनलक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि सपना शराब के नशे में थी और बाथरूम में गिरने से उसकी मौत हुई। बाद में पूछताछ के दौरान उसने कहा कि बहू के साथ उसका विवाद हुआ था और उसने उसे धक्का दिया था, जिसके बाद सपना गिर गई।
हालांकि, पुलिस को चोटों की प्रकृति देखकर हत्या का शक और गहरा गया। मृतका के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर सास को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स खंगालने पर कथित साजिश की परतें खुलती चली गईं।
बहू पर लगाए थे गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार, सपना इस साल की शुरुआत में अपने पति और बेटे के साथ दुबई गई थी और जून में वापस मुंबई लौटी थी। उसका पति दुबई में काम करता है। वापस आने के बाद सपना और उसकी सास के बीच विवाद बढ़ने लगे थे।
सास को कथित तौर पर शक था कि सपना शराब की आदी है और उसके किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध हैं। इसके अलावा, सपना ने साल 2024 में नालासोपारा पुलिस स्टेशन में अपने ससुराल वालों के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत भी दर्ज कराई थी।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर धनलक्ष्मी झगड़ा सुलझाने के बहाने सपना के घर पहुंची। इसके बाद उसने मेड मंगला और उसके परिवार के तीन सदस्यों को घर में प्रवेश कराया।
आरोप है कि सपना की आंखों में पहले मिर्च पाउडर डाला गया। इसके बाद उसके सिर पर कांच के ग्लास से हमला किया गया। फिर दुपट्टे से उसका गला दबाया गया। पुलिस का दावा है कि जब इसके बावजूद उसकी सांसें चल रही थीं, तब आरोपियों ने उसकी गर्दन पर पैर रखकर उसकी जान ले ली।
हत्या के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर सबूत मिटाने की कोशिश की और शव को बाथरूम में रख दिया, ताकि पूरी घटना को हादसा दिखाया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।