जन्मदिन के मौके पर कपड़ा कारोबारी ने 16 मिनट के लिए महज 16 रुपये में सामान बेचने का ऐलान किया था। ऑफर की जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल होते ही आलम मार्केट में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। भीड़ बढ़ने से अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई, जिसके बाद पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
Knews Desk- कानपुर के अनवरगंज थाना क्षेत्र स्थित आलम मार्केट में एक कपड़ा कारोबारी का अनोखा ऑफर चर्चा का विषय बन गया। कारोबारी रईस आलम ने अपने जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया के जरिए ऐलान किया था कि वह सिर्फ 16 मिनट तक कपड़े महज 16 रुपये में बेचेंगे। ऑफर की खबर तेजी से वायरल हुई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंच गए।
16 रुपये में कपड़े मिलने की जानकारी फैलते ही आलम मार्केट में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। कम समय में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से बाजार की व्यवस्था बिगड़ गई और आसपास के इलाकों में जाम की स्थिति बन गई। भीड़ के दबाव के चलते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए। इस दौरान कुछ लोगों के मामूली रूप से चोटिल होने की भी सूचना सामने आई।
कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मोर्चा संभाला। कई थानों से पुलिस बल को मौके पर भेजा गया और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद लोगों को मौके से हटाया गया और धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर प्रचारित ऑफर के बाद आलम मार्केट में अचानक भारी भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और कानून-व्यवस्था कायम की। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने और नियमों की अनदेखी के मामले में कारोबारी रईस आलम समेत जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कानपुर में पुलिस और चेन स्नैचर के बीच मुठभेड़
वहीं, कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में पुलिस और चेन स्नैचरों के बीच मुठभेड़ की एक अन्य घटना सामने आई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चेन स्नैचर संजय वर्मा के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी रिजवान मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी सात जुलाई को एक महिला के साथ हुई चेन लूट की वारदात में शामिल थे। भौंती बाईपास के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में संजय वर्मा के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।