राजस्थान के बांसवाड़ा में पारिवारिक विवाद के चलते एक दामाद पर अपनी सास की हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल हथियार और बाइक की चाबी बरामद की है।
Knews Desk- बांसवाड़ा के हाउसिंग बोर्ड इलाके में शनिवार को एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोप है कि महिला के दामाद ने पारिवारिक विवाद और शक के चलते उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
मृतका की पहचान ललिता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी का अपनी पत्नी से काम पर जाने को लेकर अक्सर विवाद होता था। मृतका की बेटी लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि उसका पति उसके नौकरी या काम पर जाने को लेकर शक करता था। इसी बात को लेकर परिवार में आए दिन तनाव बना रहता था।
परिजनों के मुताबिक, पारिवारिक कलह के बीच आरोपी ने कथित तौर पर अपनी सास पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल हथियार और आरोपी की बाइक की चाबी बरामद की है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
घटना के बाद पत्नी की भी मौत
घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपी की पत्नी और मृतका की बेटी लक्ष्मी सदमे में बेसुध हो गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी और कोतवाली थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद और शक को अहम वजह माना जा रहा है।