KNEWS DESK – साउथ सिनेमा की फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा लगातार देखने को मिल रहा है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘डीसी’ भी इसी लिस्ट में शामिल होती नजर आ रही है। फिल्म को रिलीज हुए 8 दिन हो चुके हैं और इतने कम समय में इसने शानदार कलेक्शन कर लिया है।
खास बात ये है कि ‘डीसी’ के सामने सिर्फ एक-दो फिल्मों की चुनौती नहीं है। सिनेमाघरों में बॉलीवुड की ‘आवारापन 2’ और ‘बंटवारा 1947’ के साथ हॉलीवुड की ‘द ओडिसी’ और ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ जैसी बड़ी फिल्में भी मौजूद हैं। इसके अलावा ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ की रिलीज के बाद भी फिल्म की कमाई पर खास असर नहीं पड़ा है।
8वें दिन भी जारी रही कमाई
‘डीसी’ ने रिलीज के आठवें दिन भारत में करीब 2.86 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन बढ़कर 44.76 करोड़ रुपये हो गया है।
वहीं, फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन करीब 51.48 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। दूसरे वीकेंड में फिल्म की कमाई में और उछाल आने की उम्मीद है।
हालांकि, आने वाले दिनों में ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ की वजह से फिल्म को कुछ नुकसान उठाना पड़ सकता है, क्योंकि नई रिलीज के बाद दर्शकों का बंटना तय माना जा रहा है।
विदेशों में भी कर रही है अच्छा प्रदर्शन
‘डीसी’ का प्रदर्शन सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में भी ठीक-ठाक कमाई की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आठवें दिन फिल्म ने विदेशों में करीब 0.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल ओवरसीज कलेक्शन लगभग 18.75 करोड़ रुपये हो चुका है।
भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 70.23 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा अब ज्यादा दूर नजर नहीं आ रहा।
बजट से दोगुना कमा चुकी है फिल्म
‘डीसी’ का बजट करीब 25 से 40 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है। ऐसे में फिल्म ने दुनियाभर में 70 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करके अपने बजट को काफी पीछे छोड़ दिया है।
यानी फिल्म ने महज आठ दिनों में अपने बजट का करीब दोगुना कारोबार कर लिया है। यही वजह है कि ‘डीसी’ को बॉक्स ऑफिस पर सफल फिल्म माना जा रहा है।
अब निगाहें दूसरे वीकेंड के कलेक्शन पर हैं। अगर फिल्म की कमाई इसी तरह जारी रहती है तो आने वाले दिनों में यह आसानी से 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर सकती है।