बिहार में अपराध की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। मधुबनी में लूट और रंगदारी का विरोध करने पर बदमाशों ने एक कारोबारी को गोली मार दी। वहीं, शेखपुरा में विवाद के बाद खलासी ने ट्रक चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी। दोनों मामलों में पुलिस जांच में जुटी है।
Knews Desk- मधुबनी के जयनगर थाना क्षेत्र के बाजार में अपराधियों ने किराना कारोबारी गुड्डू महतो को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि कारोबारी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और लूटपाट की कोशिश की।
कारोबारी ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल कारोबारी को अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल यानी DMCH रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। अपराधियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
शेखपुरा में चालक की हत्या से हड़कंप
दूसरी घटना शेखपुरा जिले के नगर थाना क्षेत्र की है। बाईपास के पास एक लाइन होटल के नजदीक ट्रक के केबिन में चालक का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पहचान मोतिहारी जिले के पिपरा कोठी थाना क्षेत्र के वधान गांव निवासी 30 वर्षीय लाल दीप शाह के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, चालक और खलासी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान खलासी ने ट्रक में रखे धारदार चाकू से चालक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है और आरोपी की पहचान भी कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। फिलहाल हत्या की वजह को लेकर जांच की जा रही है।