BJP का यूपी मिशन 2027 शुरू! नई टीम को मिली बड़ी जिम्मेदारी, चुनाव से पहले क्यों हुआ फेरबदल?

Knews Desk– उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है. इसी कड़ी में पार्टी ने प्रदेश के छह संगठनात्मक क्षेत्रों के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति की है. माना जा रहा है कि यह बदलाव चुनावी तैयारियों को जमीनी स्तर पर धार देने और संगठन के भीतर बेहतर तालमेल बनाने की रणनीति का हिस्सा है.

बीजेपी के लिए उत्तर प्रदेश की सियासत बेहद अहम है. 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के सामने सत्ता में वापसी नहीं, बल्कि अपनी पकड़ को और मजबूत करने की चुनौती होगी. ऐसे में पार्टी संगठन को लेकर लगातार बदलाव कर रही है. जून में भी बीजेपी ने यूपी इकाई की नई टीम का ऐलान किया था, जिसमें सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्षों को बदला गया था. नई टीम में 19 उपाध्यक्ष, आठ महामंत्री और 19 प्रदेश सचिव बनाए गए थे.अब छह संगठनात्मक क्षेत्रों में प्रभारियों की नई व्यवस्था को इसी चुनावी तैयारी की अगली कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है. यूपी बीजेपी के संगठन को पश्चिमी यूपी, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में बांटकर काम किया जाता है. इन क्षेत्रों में अलग-अलग राजनीतिक और सामाजिक समीकरण हैं. ऐसे में पार्टी के लिए हर इलाके की अलग रणनीति तैयार करना जरूरी है.

बीजेपी की नई रणनीति का सबसे बड़ा फोकस बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर हो सकता है. चुनाव में केवल बड़े नेताओं की रैलियां ही नहीं, बल्कि स्थानीय कार्यकर्ताओं की भूमिका भी बेहद अहम होती है. क्षेत्रीय प्रभारी संगठन और नेतृत्व के बीच कड़ी का काम करते हैं. वे जिलों में पार्टी की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और स्थानीय राजनीतिक माहौल पर नजर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.दरअसल, समाजवादी पार्टी लगातार पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA समीकरण को अपनी राजनीति का अहम आधार बना रही है. ऐसे में बीजेपी के सामने भी अलग-अलग सामाजिक समूहों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की चुनौती है. पार्टी की नई प्रदेश टीम में क्षेत्रीय और सामाजिक प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखने की कोशिश भी दिखाई दी थी.

जून में हुए संगठनात्मक बदलाव के बाद बीजेपी ने मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े पदों पर भी नई जिम्मेदारियां तय की थीं. मनीष दीक्षित को लगातार चौथी बार प्रदेश मीडिया संयोजक बनाए रखा गया, जबकि दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता और हिमांशु राज पंडित को प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई.ऐसे में क्षेत्रीय प्रभारियों की नई टीम को सिर्फ संगठनात्मक फेरबदल मानना जल्दबाजी होगी. इसके जरिए पार्टी चुनाव से काफी पहले अपने संगठन की कमियों को पहचानने, स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बढ़ाने और मतदाताओं तक अपनी पहुंच मजबूत करने की कोशिश कर सकती है.2027 का चुनाव बीजेपी और विपक्ष, दोनों के लिए बेहद अहम होने वाला है. ऐसे में पार्टी का यह संगठनात्मक ‘मेगा प्लान’ आने वाले महीनों में कितना असर दिखाता है, यह देखने वाली बात होगी. फिलहाल इतना साफ है कि बीजेपी ने यूपी के चुनावी मैदान में संगठन को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *