Malamaal Weekly 2: रवीना टंडन-परिणीति चोपड़ा की हुई एंट्री, परेश रावल के साथ फिर मचेगी कॉमेडी की धूम

Knews Desk– बॉलीवुड की चर्चित कॉमेडी फिल्म ‘मालामाल वीकली’ के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है. साल 2006 में रिलीज हुई इस फिल्म ने अपनी मजेदार कहानी, शानदार कॉमेडी और दमदार कलाकारों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था. अब फिल्म के सीक्वल ‘मालामाल वीकली 2’ को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की स्टारकास्ट में रवीना टंडन और परिणीति चोपड़ा की एंट्री हो गई है. दोनों एक्ट्रेसेस फिल्म में अहम किरदार निभाती नजर आएंगी.

‘मालामाल वीकली 2’ को लेकर पिछले काफी समय से चर्चा चल रही है. इसी साल फरवरी में फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया था, जब पता चला कि इसके दूसरे पार्ट पर काम शुरू हो चुका है. हालांकि, इस बार फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी प्रियदर्शन के बजाय अमित जोशी संभालेंगे. अमित जोशी इससे पहले ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ का निर्देशन कर चुके हैं. अब फिल्म की कास्ट में दो बड़ी एक्ट्रेसेस के जुड़ने से इस प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है.मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि रवीना टंडन और परिणीति चोपड़ा को ‘मालामाल वीकली 2’ के लिए फाइनल कर लिया गया है. बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी और किरदारों को ध्यान में रखते हुए दोनों अभिनेत्रियां मेकर्स की पहली पसंद थीं. रवीना और परिणीति को भी स्क्रिप्ट और उनके किरदार पसंद आए, जिसके बाद दोनों ने फिल्म के लिए अपनी सहमति दे दी.

फिल्म में परेश रावल की मौजूदगी भी लगभग कंफर्म मानी जा रही है. ‘मालामाल वीकली’ की सबसे बड़ी खासियतों में से एक इसकी कॉमिक टाइमिंग और कलाकारों की शानदार केमिस्ट्री थी. ऐसे में परेश रावल का सीक्वल से जुड़ना फैंस के लिए खास खबर है. वहीं, रवीना टंडन और परिणीति चोपड़ा के जुड़ने से फिल्म में कॉमेडी के साथ-साथ नए किरदारों और नए अंदाज की उम्मीद की जा रही है. हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक पूरी स्टारकास्ट को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.सबसे दिलचस्प बात यह है कि ‘मालामाल वीकली 2’ पहले पार्ट की सीधी कहानी को आगे नहीं बढ़ाएगी. यानी इसे डायरेक्ट सीक्वल के तौर पर नहीं बनाया जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूसरे पार्ट की कहानी, किरदार और लोकेशन पहले से काफी अलग होंगे. हालांकि, फिल्म का मूल कॉमिक अंदाज बरकरार रखा जाएगा.

कहानी इस बार भी ऐसे लालची गांव वालों के एक ग्रुप के इर्द-गिर्द घूमेगी, जो बड़ी रकम हासिल करने के लिए किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार हैं. इसी लालच के बीच पैदा होने वाली परिस्थितियां फिल्म में कॉमेडी का तड़का लगाएंगी. नए किरदारों और नई कहानी के साथ मेकर्स ‘मालामाल वीकली’ की पुरानी यादों को एक नए अंदाज में पर्दे पर लाने की तैयारी कर रहे हैं.रवीना टंडन की बात करें तो वह हाल ही में ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आई थीं. वहीं परिणीति चोपड़ा आखिरी बार इम्तियाज अली की फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ में दिखाई दी थीं. अब दोनों को एक कॉमेडी फिल्म में साथ देखना दर्शकों के लिए दिलचस्प होने वाला है. फिलहाल फैंस को फिल्म की बाकी स्टारकास्ट और ऑफिशियल अनाउंसमेंट का इंतजार है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *