CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, कांवड़ यात्रा, महिला सुरक्षा, खाद की उपलब्धता और बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की। सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही महिला सुरक्षा, उर्वरकों की कालाबाजारी और स्कूली वाहनों की फिटनेस को लेकर भी कड़े निर्देश दिए गए।
Knews Desk- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था के साथ कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं, महिला सुरक्षा, किसानों के लिए खाद की उपलब्धता और बाढ़ प्रभावित इलाकों में चल रहे राहत कार्यों की स्थिति पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था के साथ अनुशासन का भी प्रतीक है। यात्रा के दौरान अफवाह फैलाने, हुड़दंग करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाए।
बैठक में मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने मुख्यमंत्री को बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर सीमावर्ती राज्यों से भी पूरा सहयोग मिल रहा है। वहीं गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर रविंद्र गौड़ ने जानकारी दी कि अब तक करीब 70 हजार कांवड़ यात्री जिले से गुजर चुके हैं और यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रही है।
महिला सुरक्षा को लेकर सीएम योगी सख्त
मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ या किसी भी तरह की अभद्रता करने वालों को बख्शा नहीं जाए। पुलिस को ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। टप्पेबाजों और शोहदों की पहचान कर उनकी तस्वीरें सार्वजनिक करने के लिए भी कहा गया है।
किसानों को समय पर मिले खाद
प्रदेश में खाद और उर्वरकों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी जिलों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध रहे और वितरण व्यवस्था सुचारू रखी जाए।
सीएम योगी ने खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखी जाए और गड़बड़ी सामने आने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेज करने के निर्देश
प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि राहत और बचाव कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। नदियों के जलस्तर और तटबंधों की लगातार निगरानी की जाए।
बाढ़ या नदी के कटान से प्रभावित परिवारों तक तत्काल जरूरी राहत सामग्री और आर्थिक सहायता पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रशासन से संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी बनाए रखने को कहा।
स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल बसों और अन्य स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच नियमित रूप से कराई जाए। जिन वाहनों में तकनीकी खामियां मिलें, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से लेकर कांवड़ यात्रा, महिला सुरक्षा, किसानों की सुविधाओं और बाढ़ राहत तक किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और आम जनता की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।