लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर अनोखी मरम्मत, धंसी सड़क सुखाने के लिए लगाए 10 पंखे; वीडियो वायरल

Knews Desk- उद्घाटन के महज 12 दिन बाद धंसे लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की मरम्मत का काम जारी है। अब मरम्मत स्थल का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क की नमी सुखाने के लिए एक साथ 10 फर्राटे वाले पंखे चलते दिखाई दे रहे हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

करीब 63 किलोमीटर लंबे लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 13 जुलाई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। उद्घाटन के करीब 12 दिन बाद बारिश के दौरान उन्नाव क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 64 के पास करीब 100 मीटर सड़क धंसने का मामला सामने आया था।

सड़क धंसने का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने मरम्मत का काम शुरू कराया। एक्सप्रेसवे पर कई दिनों से पैचवर्क और सड़क को दुरुस्त करने का काम चल रहा है।

60 मीटर हिस्से को सुखाने के लिए लगाए गए 10 पंखे

मरम्मत कार्य के बीच सामने आए नए वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा है। बताया जा रहा है कि करीब 60 मीटर हिस्से में मौजूद नमी को जल्द खत्म करने के लिए 10 फर्राटे वाले पंखे लगाए गए हैं। इन पंखों की मदद से मिट्टी और मरम्मत वाले हिस्से को तेजी से सुखाने की कोशिश की जा रही है, ताकि आगे का काम जल्द पूरा किया जा सके।

बारिश से मरम्मत कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए मौके पर बड़े तिरपाल की भी व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर इससे मरम्मत वाले हिस्से को ढका जा सकेगा। पंखों से सड़क सुखाए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

NHAI ने परियोजना निदेशक को हटाया

एक्सप्रेसवे धंसने के मामले में NHAI की ओर से कार्रवाई भी की गई है। परियोजना निदेशक नकुल प्रकाश वर्मा को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह बरेली के परियोजना निदेशक नवरत्न को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सड़क की गुणवत्ता और इसके धंसने के कारणों की जांच भी कराई जा रही है। आईआईटी खड़गपुर की टीम को एक्सप्रेसवे की जांच की जिम्मेदारी दिए जाने की बात सामने आई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मरम्मत पूरी होने तक टोल वसूली पर रोक

NHAI ने मरम्मत कार्य पूरा होने तक लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली रोक दी है। अगले आदेश तक वाहन चालकों से टोल नहीं लिया जाएगा।

वहीं, मरम्मत कार्य के कारण एक्सप्रेसवे पर करीब पांच किलोमीटर का डायवर्जन भी किया गया है। इसके चलते कुछ हिस्सों में यातायात प्रभावित हो रहा है और जाम की स्थिति भी बन रही है। एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही पहले की तुलना में कम बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *