Knews Desk- नीट पीजी 2026 परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को सुरक्षा तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। साथ ही अभ्यर्थियों को सोशल मीडिया पर पेपर लीक या परीक्षा से जुड़ी अन्य अपुष्ट सूचनाओं से सावधान रहने की सलाह दी गई है।
NEET PG 2026 परीक्षा 30 अगस्त 2026 को देशभर में एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। इस बार परीक्षा के लिए करीब 2,73,183 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग 12.5 प्रतिशत अधिक बताए जा रहे हैं। परीक्षा का आयोजन देश के करीब 340 शहरों में 1,300 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र आवंटित करने की प्रक्रिया में भी उनकी सुविधा का ध्यान रखा गया है। इस बार अभ्यर्थियों को तीन राज्यों का विकल्प देने की व्यवस्था की गई है, ताकि संभव हो सके तो उन्हें घर के नजदीक परीक्षा केंद्र मिल सके और लंबी यात्रा से बचाया जा सके।
इस साल NEET PG परीक्षा के पैटर्न में भी अहम बदलाव देखने को मिलेगा। प्रश्नों की संख्या 200 से घटाकर 180 कर दी गई है, जबकि परीक्षा के लिए कुल 210 मिनट का समय मिलेगा। इससे उम्मीदवारों को प्रत्येक प्रश्न हल करने के लिए पहले की तुलना में ज्यादा समय मिल सकेगा।
इसके अलावा परीक्षा शहर से जुड़ी जानकारी करीब तीन सप्ताह पहले जारी करने की योजना है। इससे अभ्यर्थियों को यात्रा और ठहरने की व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
आधार सत्यापन से CCTV तक
परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों का आधार आधारित सत्यापन किया जाएगा। अगर किसी अभ्यर्थी के फिंगरप्रिंट का मिलान नहीं होता है तो पहचान की पुष्टि के लिए आईरिस स्कैन का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, फ्रिस्किंग, सिग्नल जैमर और लाइव मॉनिटरिंग जैसी व्यवस्थाएं रहेंगी। परीक्षा को सुचारू रूप से कराने के लिए 60 हजार से अधिक कर्मचारियों को तैनात किए जाने की तैयारी है।
पेपर लीक की अफवाहों पर क्या बोले जेपी नड्डा?
पेपर लीक से जुड़ी खबरों और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने उम्मीदवारों को सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने बताया कि अंतिम प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड डिजिटल प्रक्रिया के जरिए तैयार किया जाता है।
ऐसे में परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र उपलब्ध होने का दावा करने वाली सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने की सलाह दी गई है। उम्मीदवारों से कहा गया है कि परीक्षा से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक सूचना सामने आने पर इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें।
आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करने की सलाह
जेपी नड्डा ने अधिकारियों से कहा कि परीक्षा का आयोजन निष्पक्ष, सुरक्षित और उम्मीदवारों के अनुकूल माहौल में होना चाहिए। इसके लिए संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
वहीं, अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी पर फोकस करने और सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले अपुष्ट दावों से दूर रहने की सलाह दी गई है। उम्मीदवारों से कहा गया है कि परीक्षा से संबंधित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक नोटिस और विश्वसनीय माध्यमों पर ही भरोसा करें।