शाहरुख खान की ‘KING’ का रिलीज से पहले बड़ा धमाका! म्यूजिक राइट्स के लिए 50 करोड़ की बोली

KNEWS DESK – शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ रिलीज से पहले ही बड़े बिजनेस को लेकर चर्चा में आ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म के म्यूजिक राइट्स हासिल करने के लिए सोनी, सारेगामा और टी-सीरीज के बीच जबरदस्त मुकाबला चल रहा है। दावा है कि एक कंपनी ने केवल म्यूजिक राइट्स के लिए करीब 50 करोड़ रुपये का ऑफर दिया है। अगर यह डील फाइनल होती है तो ‘किंग’ हाल के समय की सबसे महंगी म्यूजिक डील्स में अपनी जगह बना सकती है।

‘किंग’ के म्यूजिक राइट्स पर बड़ी कंपनियों की नजर

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक शाहरुख खान की ‘किंग’ के साथ म्यूजिक कंपोजर जोड़ी सचिन-जिगर जुड़ गई है। फिल्म को लेकर बने जबरदस्त बज को देखते हुए इसके म्यूजिक राइट्स को भी बेहद कीमती माना जा रहा है।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सोनी, सारेगामा और टी-सीरीज जैसी बड़ी म्यूजिक कंपनियां ‘किंग’ के म्यूजिक राइट्स हासिल करने की रेस में हैं। इनमें से एक कंपनी ने मेकर्स के सामने करीब 50 करोड़ रुपये की पेशकश की है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि यह ऑफर किस कंपनी की ओर से दिया गया है और डील को अंतिम रूप किसके साथ दिया जाएगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक टी-सीरीज ‘किंग’ के म्यूजिक राइट्स हासिल करने के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में है। हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक किसी कंपनी के साथ डील फाइनल होने की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

अगर 50 करोड़ रुपये के आसपास यह सौदा पक्का होता है तो ‘किंग’ का नाम आधुनिक दौर की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म म्यूजिक डील्स में शामिल हो सकता है।

‘रामायण’ और ‘धुरंधर 2’ के रिकॉर्ड पर नजर

‘किंग’ की संभावित 50 करोड़ रुपये की म्यूजिक डील की तुलना अब दूसरी बड़ी फिल्मों से की जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार ‘रामायण’ के दोनों पार्ट्स के म्यूजिक राइट्स के लिए कुल करीब 75 करोड़ रुपये की डील हुई है।

वहीं, ‘धुरंधर 2’ के म्यूजिक राइट्स को लेकर दावा किया गया कि टी-सीरीज ने करीब 58 करोड़ रुपये खर्च किए थे। ऐसे में अगर ‘किंग’ के लिए 50 करोड़ रुपये की डील होती है तो खास बात यह होगी कि यह रकम सिर्फ एक फिल्म के म्यूजिक राइट्स के लिए होगी।

सुहाना खान के लिए बेहद खास है ‘किंग’

‘किंग’ शाहरुख खान के साथ-साथ उनकी बेटी सुहाना खान के करियर के लिए भी बेहद अहम फिल्म है। इस फिल्म के जरिए सुहाना बड़े पर्दे पर अपना थिएट्रिकल डेब्यू करने जा रही हैं।

फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी बड़ी बताई जा रही है। शाहरुख और सुहाना के अलावा अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, दीपिका पादुकोण और राघव जुयाल समेत कई कलाकार फिल्म का हिस्सा हैं।

आखिरी शेड्यूल में पहुंची फिल्म?

रिपोर्ट्स के मुताबिक सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही ‘किंग’ अब अपने अंतिम शूटिंग शेड्यूल की तरफ बढ़ रही है। मेकर्स कथित तौर पर ऐसी लोकेशन की तलाश कर रहे हैं, जिसे पहले फिल्मों में ज्यादा एक्सप्लोर न किया गया हो।

फिल्म को 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की बात सामने आई है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि ‘किंग’ के म्यूजिक राइट्स आखिर किस कंपनी के हाथ लगते हैं और क्या इसकी डील ‘रामायण’ और ‘धुरंधर 2’ जैसी बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड के करीब पहुंच पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *