Knews Desk- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां शादी के महज आठ महीने बाद एक नवविवाहिता ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले युवती ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी मां से माफी मांगते हुए कहा कि वह अब और सब कुछ सहन नहीं कर पा रही है। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के पति, सास और ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना देहरादून के डोईवाला क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। बताया जा रहा है कि सौरभ सरकारी कर्मचारी हैं, जबकि सृष्टि सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं।
मृतका की मां सीमा कंडारी ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज समेत कई बातों को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि सृष्टि को अक्सर “मनहूस” कहकर अपमानित किया जाता था और घर में होने वाली हर अप्रिय घटना का जिम्मेदार भी उसे ही ठहराया जाता था।
कई दिनों तक नहीं हो पाया संपर्क
परिजनों के मुताबिक, 28 और 29 जुलाई को जब सृष्टि से फोन पर बात नहीं हो सकी तो उन्होंने एक परिचित को उसके घर भेजा। वहां से जानकारी मिली कि उसकी तबीयत खराब होने के कारण उसे अस्पताल ले जाया गया है। जब परिवार श्रीनगर से देहरादून पहुंचा तो उन्हें पता चला कि सृष्टि की मौत हो चुकी है।
परिवार का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उन्हें बेटी की मौत की सूचना भी समय पर नहीं दी। जब इस बारे में सवाल किया गया तो कथित तौर पर जवाब मिला कि वे व्यस्त होने के कारण फोन नहीं कर सके।
मृतका की मां का कहना है कि शादी के कुछ महीने बाद सृष्टि के ससुर को हार्ट अटैक आया था। इसके बाद किसी ज्योतिषीय सलाह के आधार पर परिवार ने यह मान लिया कि बहू के आने के बाद घर में परेशानियां शुरू हुईं। आरोप है कि तभी से सृष्टि को लगातार ताने दिए जाने लगे और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। परिजनों का यह भी कहना है कि घटना से कुछ दिन पहले सृष्टि के ससुर का निधन हो गया था, जिसके बाद उस पर मानसिक दबाव और बढ़ गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत के आधार पर डोईवाला पुलिस ने मृतका के पति, सास और ननद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।