NPS Calculation: 25 की उम्र में शुरू करें निवेश, रिटायरमेंट पर मिलेगी लाखों की पेंशन

Knews Desk– रिटायरमेंट के बाद आर्थिक रूप से सुरक्षित रहना हर व्यक्ति की बड़ी जरूरत होती है। नौकरी खत्म होने के बाद नियमित आय का साधन नहीं रहता, ऐसे में बुढ़ापे के खर्चों को पूरा करने के लिए पहले से प्लानिंग करना बेहद जरूरी हो जाता है। इसी उद्देश्य से सरकार नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) जैसी योजना लेकर आई है, जिसमें लंबे समय तक निवेश करके रिटायरमेंट के लिए बड़ा फंड तैयार किया जा सकता है।NPS एक मार्केट लिंक्ड रिटायरमेंट स्कीम है, जिसमें निवेश की गई राशि बाजार के प्रदर्शन के आधार पर बढ़ती है। इसमें कोई निश्चित ब्याज दर या गारंटीड रिटर्न नहीं होता। हालांकि, लंबे समय तक निवेश करने पर कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है, जिससे छोटी-छोटी बचत भी भविष्य में बड़ी रकम में बदल सकती है।अगर कोई व्यक्ति 25 साल की उम्र से NPS में निवेश शुरू करता है और हर महीने 5,000 रुपये जमा करता है, तो 60 साल की उम्र तक उसके पास करीब 1.90 करोड़ रुपये का फंड तैयार हो सकता है। इस कैलकुलेशन में औसतन 10 फीसदी सालाना रिटर्न माना गया है। हालांकि वास्तविक रिटर्न बाजार की स्थिति के अनुसार कम या ज्यादा हो सकता है।

60 साल की उम्र के बाद कैसे मिलता है पैसा?

NPS में रिटायरमेंट के समय जमा रकम को दो हिस्सों में बांटा जाता है। नियमों के अनुसार, कुल जमा राशि का 60 फीसदी हिस्सा निवेशक एकमुश्त निकाल सकता है। वहीं, बाकी 40 फीसदी रकम से एन्युटी खरीदी जाती है, जिससे हर महीने पेंशन मिलती है।उदाहरण के तौर पर, अगर 25 साल की उम्र से हर महीने 5,000 रुपये निवेश करने पर 60 साल की उम्र तक लगभग 1.90 करोड़ रुपये का फंड बनता है, तो इसमें से करीब 1.14 करोड़ रुपये एक साथ निकाले जा सकते हैं। बाकी रकम से लगभग 44,300 रुपये प्रति महीने की पेंशन मिल सकती है।अगर कोई व्यक्ति ज्यादा निवेश करता है तो रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली पेंशन भी बढ़ सकती है। जैसे हर महीने 10,000 रुपये जमा करने पर पेंशन करीब 88,700 रुपये तक पहुंच सकती है। वहीं, अगर कोई 2,000 रुपये महीने निवेश करता है, तो उसे लगभग 17,700 रुपये मासिक पेंशन मिल सकती है।

जल्दी निवेश शुरू करने का फायदा

NPS में सबसे बड़ा फायदा समय का होता है। जितनी जल्दी निवेश शुरू किया जाता है, उतना ज्यादा पैसा कंपाउंडिंग के जरिए बढ़ता है। अगर कोई व्यक्ति 25 की जगह 30 साल की उम्र में 5,000 रुपये महीने निवेश शुरू करता है, तो 60 साल की उम्र तक उसका फंड घटकर करीब 1.13 करोड़ रुपये रह सकता है। इसमें उसे लगभग 67.8 लाख रुपये एकमुश्त मिलेंगे और पेंशन करीब 26,300 रुपये प्रति महीने हो सकती है।वहीं, अगर निवेश की शुरुआत 35 साल की उम्र में की जाती है, तो यही निवेश करीब 65 लाख रुपये का फंड बना सकता है। ऐसे में एकमुश्त राशि करीब 39 लाख रुपये और मासिक पेंशन लगभग 15,200 रुपये रह सकती है। यानी निवेश शुरू करने में देरी होने से रिटायरमेंट फंड पर बड़ा असर पड़ता है।

कौन खोल सकता है NPS खाता?

NPS में 18 साल से 70 साल तक का कोई भी भारतीय नागरिक खाता खोल सकता है। सरकारी कर्मचारी, प्राइवेट नौकरी करने वाले, कारोबारी और फ्रीलांसर सभी इसमें निवेश कर सकते हैं। केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए सरकार भी NPS खाते में योगदान देती है।इस योजना में निवेशक अपनी सुविधा के अनुसार हर महीने, तीन महीने या सालाना आधार पर पैसा जमा कर सकते हैं। हालांकि, निवेश करने से पहले अपनी आर्थिक स्थिति, जोखिम क्षमता और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखना जरूरी है।रिटायरमेंट की तैयारी जितनी जल्दी शुरू की जाए, उतना बेहतर परिणाम मिल सकता है। NPS लंबे समय के लिए बचत और पेंशन का विकल्प देता है, लेकिन इसमें निवेश बाजार से जुड़ा होने के कारण रिटर्न की कोई गारंटी नहीं होती। इसलिए किसी भी निवेश का फैसला सोच-समझकर लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *