पटना में घायल छात्र से राहुल गांधी की फोन पर बातचीत, बोले- छात्रों की आवाज नहीं दबाई जा सकती

Knews Desk- कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बिहार में प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से घायल छात्र आकाश यादव से फोन पर बात की। बातचीत के दौरान उन्होंने छात्र का हालचाल जाना और भरोसा दिलाया कि छात्रों के अधिकारों और न्याय की लड़ाई में कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। राहुल गांधी ने कहा कि लाठीचार्ज या AK-47 जैसी गोलियों के जरिए छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और शिक्षा व न्याय के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

मंगलवार को NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ पटना में घायल छात्र आकाश यादव से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने राहुल गांधी की छात्र से फोन पर बात करवाई। राहुल गांधी ने आकाश यादव का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि छात्रों के मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक उठाया जाएगा।

इससे पहले राहुल गांधी ने बिहार में प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ कथित तौर पर AK-47 के इस्तेमाल के आरोपों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में जवाब मांगते हुए कहा था कि छात्रों से किए गए वादों का पालन नहीं किया गया और विरोध प्रदर्शन को बलपूर्वक दबाने की कोशिश की गई।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया था कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाए जाने और बड़ी संख्या में छात्रों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की खबरें सामने आई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि छात्रों के खिलाफ कार्रवाई न करने का वादा आखिर क्यों पूरा नहीं किया गया।

पेपर लीक के विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि दिल्ली में छात्रों पर पैलेट गन और बिहार में AK-47 का इस्तेमाल किए जाने की बातें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों में छात्रों के आंदोलनों को दबाने का एक जैसा तरीका अपनाया जा रहा है। राहुल गांधी ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों के अधिकारों और भविष्य की रक्षा के लिए विपक्ष अपनी आवाज उठाता रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *