NEET Protest पर CM रेखा गुप्ता का पहला बयान, बोलीं- छात्रों के भविष्य से नहीं होगा खिलवाड़

KNEWS DESK – दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर जारी आंदोलन के बीच अब दिल्ली सरकार की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पहली बार इस मुद्दे पर बयान देते हुए छात्रों के हितों और उनके भविष्य को सुरक्षित रखने की बात कही है।

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छात्रों के अधिकारों की रक्षा और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पेपर लीक जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का फैसला मेहनत करने वाले छात्रों के साथ न्याय की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने साफ किया कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कानून पूरी सख्ती से काम करेगा।

संसद मार्च के बाद तेज हुआ था आंदोलन

NEET पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP लगातार प्रदर्शन कर रही है। 20 जुलाई को प्रदर्शनकारियों ने संसद मार्च किया था, जिसके दौरान पुलिस और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति बन गई थी। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी और सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे।

प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठाए थे और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से छात्रों के पक्ष में सामने आने की मांग की थी। पुलिस कार्रवाई को लेकर भी विपक्ष और छात्र संगठनों ने सरकार को घेरा था।

इस पूरे विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं में शामिल दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की बात कही।

इससे पहले एनडीए संसदीय दल की बैठक में भी पीएम मोदी ने पेपर लीक को गंभीर अपराध बताते हुए सख्त कदम उठाने की बात कही थी। अब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बयान के बाद NEET आंदोलन को लेकर दिल्ली सरकार का रुख भी सामने आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *