देहरादून में नर्सिंग कर्मियों का प्रदर्शन हुआ बेकाबू, स्वास्थ्य मंत्री आवास के बाहर 4 महिलाओं ने कथित तौर पर पिया फिनायल

वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत नर्सिंग स्टाफ का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को नाटकीय मोड़ पर पहुंच गया। घटना के बाद चार महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Knews Desk- देहरादून में वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे नर्सिंग कर्मियों का प्रदर्शन मंगलवार को अचानक उग्र हो गया। यमुना कॉलोनी स्थित स्वास्थ्य मंत्री के सरकारी आवास के बाहर चल रहे धरने के दौरान चार महिला प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर फिनायल पी लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सभी महिलाओं को आनन-फानन में कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चार महिलाओं में से एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

नर्सिंग स्टाफ पिछले कई महीनों से वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री आवास के बाहर एकत्र हुए थे। प्रदर्शन के दौरान ही यह घटना सामने आई, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने बताया कि आत्मघाती कदम उठाने वाली महिलाओं की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि उन्हें मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। संगठन के पदाधिकारी भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।

उधर, पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की परिस्थितियों और घटनाक्रम की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद अस्पताल और प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *