गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम में पिंक बूथ पर मदद के लिए गिड़गिड़ाता रहा युवक, गेट नहीं खुला तो तोड़ा शीशा, दोनों हाथों की नस कटने से मौत

KNEWS DESK – गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। संजयनगर सेक्टर-23 स्थित पिंक बूथ पर शिकायत लेकर पहुंचे एक युवक की शीशा टूटने से गंभीर चोट लगने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ऑटो चालक से हुए विवाद के बाद पुलिस से मदद मांगने पहुंचा था।

मृतक की पहचान बिहार निवासी राजकुमार (22) के रूप में हुई है। वह संजयनगर सेक्टर-23 में किराये के मकान में रहता था और कार मैकेनिक का काम करता था।

ऑटो किराये को लेकर हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर राजकुमार कहीं जाने के लिए ऑटो में बैठा था। इसी दौरान किराये को लेकर उसकी ऑटो चालक से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट भी हुई।

इसके बाद राजकुमार खुद को बचाने और मामले की शिकायत करने के लिए पास स्थित पिंक बूथ पहुंचा। वहां उसने पुलिसकर्मियों से मदद मांगने की कोशिश की।

दरवाजा खोलने की कोशिश में हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि उस समय पिंक बूथ का दरवाजा बंद था। राजकुमार ने अंदर मौजूद पुलिसकर्मियों से बात करने के लिए दरवाजा खोलने का प्रयास किया। आरोप है कि अंदर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने शोर सुनने के बाद दरवाजा बंद कर लिया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजकुमार ने दरवाजे पर हाथ मारा, जिससे शीशा टूट गया और उसके हाथ में गहरी चोट लग गई। शीशे के टुकड़े लगने से उसके हाथों की नसें कट गईं और काफी खून बहने लगा।

देर से पहुंची एंबुलेंस, इलाज के दौरान मौत

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मदद की कोशिश की। करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और राजकुमार को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एंबुलेंस में प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध नहीं थी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने कहा कि घटना का संज्ञान लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *