20 साल बाद राबड़ी देवी ने छोड़ा सरकारी आवास, लालू प्रसाद यादव के साथ निजी घर में हुईं शिफ्ट, जानें पूरा विवाद

KNEWS DESK – बिहार की राजधानी पटना में राबड़ी देवी के सरकारी बंगले को लेकर चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने आखिरकार 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली कर दिया है।

20 साल बाद बदला आवास

राबड़ी देवी करीब दो दशकों से इस सरकारी आवास में रह रही थीं। अब वह अपने परिवार के साथ पटना के कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में शिफ्ट हो गई हैं। इस बदलाव के साथ लालू प्रसाद यादव का पूरा परिवार अब निजी आवास में रह रहा है।

सरकार की ओर से राबड़ी देवी को हार्डिंग रोड स्थित बंगला नंबर 39 आवंटित किया गया था, लेकिन वे वहां शिफ्ट नहीं हुईं। फिलहाल उन्होंने कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी आवास में रहने का फैसला किया है।

तेजस्वी यादव का परिवार भी हुआ शिफ्ट

इस बीच जानकारी के मुताबिक, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की पत्नी और बच्चे पहले ही पोलो रोड स्थित सरकारी आवास में शिफ्ट हो चुके हैं।

2006 से रह रही थीं 10 सर्कुलर रोड पर

गौरतलब है कि राबड़ी देवी को यह 10 सर्कुलर रोड बंगला साल 2006 में विपक्ष की नेता के तौर पर आवंटित किया गया था। इसके बाद से वह लगातार यहीं रह रही थीं और इस दौरान बिहार की राजनीति में कई बड़े उतार-चढ़ाव भी इसी आवास से जुड़े रहे।

बंगला खाली करने को लेकर हुआ था विवाद

हाल ही में भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर बंगला खाली करने का आदेश दिया था। इसके बाद विवाद और तेज हो गया था।

राबड़ी देवी की ओर से कहा गया था कि उन्हें जो नया बंगला मिला है, वहां मरम्मत का काम अभी पूरा नहीं हुआ है, इसलिए समय दिया जाए। बाद में 5 जुलाई तक का समय दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *