राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर प्रियंका गांधी का सवाल, बोलीं- ‘आस्था से खिलवाड़ करने वालों को जवाब देना होगा’

KNEWS DESK – कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को बेहद गंभीर बताते हुए इसकी निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है और इसमें जवाबदेही तय होना बेहद जरूरी है।

केरल के वायनाड कलेक्ट्रेट में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर के लोगों ने अपनी श्रद्धा और विश्वास के साथ चंदा दिया था। ऐसे में यदि उस चंदे में कथित गड़बड़ी हुई है, तो यह बेहद दुखद और शर्मनाक है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस धन को जनता से एक अभियान चलाकर इकट्ठा किया गया, उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी और इसके लिए कौन जवाबदेह है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए केवल बड़े उद्योगपतियों ने ही नहीं, बल्कि आम लोगों, महिलाओं और गरीब परिवारों ने भी अपनी बचत से योगदान दिया था। उन्होंने कहा कि जब पूरे देश से आस्था के नाम पर धन जुटाया गया था, तो उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक था।

उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से इस पूरे मामले की गहन जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि कथित अनियमितता कैसे हुई, इसके लिए कौन जिम्मेदार है और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।

गौरतलब है कि राम मंदिर चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मामला 7 जून को सामने आया था। इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। SIT ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंपने के बाद 25 जून को इस मामले में FIR दर्ज की गई और पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को फिलहाल न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

राज्य सरकार का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *