Knews Desk- पुणे के चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस मामले से जुड़े नए और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। शुरुआत में जिसे एक दर्दनाक ट्रैकिंग हादसा माना गया था, वह अब कथित तौर पर एक सुनियोजित हत्या की साजिश में बदल चुका है। पुलिस का दावा है कि इस वारदात के पीछे मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी की भूमिका है। मामले की जांच अब रिश्तों, पारिवारिक दबाव और पुराने संबंधों तक पहुंच गई है। ताजा जांच में पुलिस को एक अहम “क्रिकेट कनेक्शन” मिला है। जांच अधिकारियों के अनुसार, चेतन चौधरी की पहचान सिया के परिवार से उसके भाई साहिल गोयल के जरिए हुई थी। बताया जा रहा है कि साहिल और चेतन क्रिकेट के माध्यम से एक-दूसरे को जानते थे, जिसके बाद चेतन का सिया के घर आना-जाना शुरू हुआ। हालांकि, शुरुआती पूछताछ में सिया के माता-पिता ने चेतन को जानने से इनकार किया था, लेकिन जांच में सामने आए तथ्यों ने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शुक्रवार को पुलिस ने सिया के भाई साहिल गोयल से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के दौरान साहिल ने कथित तौर पर पुलिस से कहा कि यदि सिया ने पहले ही परिवार को बता दिया होता कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती, तो परिवार यह रिश्ता तुरंत तोड़ देता। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या परिवार को सिया और चेतन के रिश्ते की पहले से जानकारी थी या नहीं। पुलिस के मुताबिक, केतन अग्रवाल और सिया गोयल की शादी इस साल नवंबर में होने वाली थी। आरोप है कि सिया अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ भविष्य बिताना चाहती थी, लेकिन पारिवारिक दबाव के कारण वह केतन से शादी करने के लिए तैयार हो गई। जांच एजेंसियों का दावा है कि इसी वजह से दोनों ने केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

इस केस में पुलिस यह भी दावा कर चुकी है कि हत्या की योजना एक ही दिन में नहीं बनी थी। जांच के अनुसार, केतन को नुकसान पहुंचाने की कथित कोशिशें पहले भी की गई थीं, लेकिन वे सफल नहीं हो सकीं। आखिरकार 18 जून को लोहागढ़ किले की ट्रैकिंग के दौरान केतन की मौत हुई, जिसे पहले दुर्घटना बताया गया था। बाद में सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इसे हत्या का मामला बताया। मामले में एक और विवाद तब सामने आया जब पूछताछ के दौरान सिया द्वारा कथित तौर पर केतन के हेयर पैच (विग) को लेकर टिप्पणी करने की बात सामने आई। हालांकि, केतन के पिता ने इस दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उनके बेटे के बालों से जुड़ी जानकारी पहले से दोनों परिवारों को पता थी और यह हत्या का कारण नहीं हो सकता।
फिलहाल पुलिस डिजिटल सबूतों, मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड और दोनों आरोपियों की गतिविधियों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल केस में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।