KNEWS DESK – लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया इलाके में सोमवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग धुएं और लपटों से घिर गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई आग, पूरी बिल्डिंग चपेट में
जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक स्टूडियो में लगी थी, जिसके बाद उसने तेजी से पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इसी बिल्डिंग के सेकेंड फ्लोर पर एक कोचिंग सेंटर भी संचालित हो रहा था, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और कई लोग जान बचाने के लिए छत और छज्जों से कूद पड़े।
धुएं ने बढ़ाई मुश्किलें, दीवार तोड़कर चला रेस्क्यू
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूरी बिल्डिंग घने धुएं से भर गई थी, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद मुश्किल हो गया। बचाव दल को कई जगह दीवारें काटकर अंदर प्रवेश करना पड़ा। NDRF, फायर ब्रिगेड और पुलिस की संयुक्त टीम ने राहत और बचाव कार्य चलाया।
घटना की सूचना मिलते ही करीब दो दर्जन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते रहे।
11 लोगों को बचाया गया, घायलों का इलाज जारी
अधिकारियों के अनुसार अब तक 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। घायलों को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पेट शॉप से भी बचाए गए जानवर
बिल्डिंग के निचले हिस्से में मौजूद पेट शॉप में रखे गए कई पालतू जानवरों को भी समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सीएम योगी ने लिया संज्ञान, दौरा किया रद्द
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने अलीगढ़ दौरा रद्द कर लखनऊ लौटने का फैसला लिया है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मृतकों के बारे में जानकारी देते हुए भावुक हो गए। वहीं डीजीपी, प्रमुख सचिव गृह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।