सपा के एजेंडे में सिर्फ गुंडागर्दी…… फिरोजाबाद में CM योगी का विपक्ष पर तीखा हमला

Knews Desk- फिरोजाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर जोरदार हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि सपा का एजेंडा विकास नहीं बल्कि समाज को बांटना, गुंडागर्दी को बढ़ावा देना और प्रदेश में अराजकता फैलाना था।

सीएम योगी ने 2017 से पहले के हालातों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश में “वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया” का माहौल था, जबकि आज की सरकार “वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज” और “वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन” जैसी विकास योजनाओं पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि पहले हर जिले में एक चिन्हित माफिया सक्रिय रहता था, जो गरीबों की जमीनों पर कब्जा करता था, व्यापारियों से अवैध वसूली करता था और पूरे सिस्टम में डर का माहौल बनाए रखता था। योगी ने दावा किया कि अब प्रदेश में माफिया और गुंडागर्दी का दौर खत्म हो चुका है और उत्तर प्रदेश “माफिया मुक्त और दंगा मुक्त” राज्य बन गया है।

सीएम योगी ने अपने भाषण में कहा कि पहले त्योहारों और धार्मिक आयोजनों को भी रोकने की कोशिश की जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासन में रामनवमी, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और कांवड़ यात्रा जैसे आयोजनों पर भी रोक या बाधा डालने के प्रयास होते थे।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में बिजली, विकास और बुनियादी सुविधाओं की कमी थी और लोग अंधेरे में रहने को मजबूर थे। योगी ने कहा कि “अंधेरे में ही कुछ लोगों को अपना काम आसान लगता था” और इसी वजह से विकास को रोका गया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में किसान सम्मान निधि के तहत उत्तर प्रदेश के किसानों के खातों में 4,300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है। उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार की पारदर्शी नीति का उदाहरण बताया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए और बिना किसी दफ्तर के चक्कर लगाए सीधे जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जब नीयत साफ होती है तो नीतियां अपने आप रास्ता बना लेती हैं। अपने संबोधन के अंत में सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में विकास और सुरक्षा दोनों साथ-साथ चल रहे हैं और सरकार का लक्ष्य राज्य को पूरी तरह से “सुरक्षित, विकसित और आत्मनिर्भर” बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *