डिजिटल डेस्क- महाराष्ट्र विधान परिषद की 17 स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र सीटों के चुनाव नतीजे घोषित हो गए हैं, जिसमें सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने एकतरफा और ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। महायुति ने कुल 17 सीटों में से 16 सीटों पर अपना कब्जा जमाकर विपक्ष को करारी शिकस्त दी है। इन सीटों के लिए 18 जून को मतदान हुआ था, हालांकि महायुति के उम्मीदवारों ने चुनाव से पहले ही 6 सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल कर ली थी। बाकी बची 11 सीटों के लिए हुई मतगणना में महायुति का दबदबा पूरी तरह कायम रहा। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 11, शिवसेना (शिंदे गुट) ने 4 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने 2 सीटों पर भाग्य आजमाया था।
नासिक में महायुति को लगा एकमात्र झटका, भाजपा बागी की जीत
सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन को इस पूरे चुनाव में एकमात्र करारा झटका नासिक सीट पर लगा है। यहां बीजेपी के बागी और निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गीते ने शानदार जीत दर्ज की है। नासिक में कुल 618 मत डाले गए थे, जिनमें से 13 मत अवैध घोषित होने के बाद जीत के लिए 303 मतों का कोटा तय किया गया था। गोकुल गीते ने पहले ही दौर की मतगणना में 357 मत हासिल कर जरूरी कोटा पार कर लिया, जबकि महायुति समर्थित शिवसेना के आधिकारिक उम्मीदवार नरेंद्र दराडे को महज 248 वोट मिले। गीते की इस जीत को राज्य की राजनीति में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सांगली-सातारा और अमरावती में भाजपा की एकतरफा जीत, कांग्रेस का नहीं खुला खाता
सांगली-सातारा सीट पर महायुति समर्थित भाजपा उम्मीदवार धैर्यशील कदम ने एकतरफा जीत हासिल की है। उन्हें कुल 885 मतों में से 593 प्रथम वरीयता मत मिले, जबकि महाविकास आघाड़ी समर्थित राकांपा (शरद पवार गुट) के उम्मीदवार अभयसिंह जगताप को 292 मतों से संतोष करना पड़ा। उधर, अमरावती सीट पर भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला जहां भाजपा के प्रवीण पोटे को 390 मत मिले, जबकि वंचित बहुजन आघाड़ी के निलेश विश्वकर्मा को 31 वोट प्राप्त हुए। इस सीट पर सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कांग्रेस के उम्मीदवार हर्षजित देशमुख का खाता तक नहीं खुल सका और उन्हें शून्य मत मिले।
भंडारा-गोंदिया, धाराशिव और नागपुर उपचुनाव में भी खिला ‘कमल’
भंडारा-गोंदिया स्थानीय प्राधिकरण सीट पर भाजपा उम्मीदवार अविनाश ब्राह्मणकर ने कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार नरेश ईश्वरकर को मात दी। ब्राह्मणकर को 304 मत मिले जबकि ईश्वरकर को 152 मतों पर ही संतोष करना पड़ा। इसके साथ ही उस्मानाबाद-लातूर-बीड (धाराशिव) निर्वाचन क्षेत्र से महायुति के बसवराज पाटील ने राज्य में सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। उन्होंने महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार महेश देशमुख को 721 मतों के भारी अंतर से पराजित किया। इस मुकाबले में बसवराज पाटील को कुल 845 वोट मिले जबकि महेश देशमुख को महज 124 मतों से संतोष करना पड़ा। नागपुर सीट पर हुए उपचुनाव में भी भाजपा के डॉ. राजीव पोतदार ने 682 मत हासिल कर बड़ी जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस के अतुल लोंढे को सिर्फ 130 मत मिले।
इन 6 सीटों पर पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए थे महायुति उम्मीदवार
आपको बता दें कि विपक्ष द्वारा उम्मीदवार न उतारे जाने या नाम वापस ले लिए जाने के कारण महायुति के उम्मीदवार 6 सीटों पर बिना किसी मतदान के पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए थे। इन सीटों में वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली, यवतमाल, भंडारा-गोंदिया, रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, ठाणे-पालघर और अहिल्यानगर शामिल थीं। इस शानदार चुनावी सफलता के बाद पूरे महाराष्ट्र में महायुति और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल है और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया जा रहा है।