डिजिटल डेस्क- बिहार के मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह गुरुवार शाम एक बड़े सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र स्थित सबनिमा पेट्रोल पंप के पास उनके काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसा इतना जोरदार था कि कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं। जानकारी के मुताबिक, विधायक अनंत सिंह मोकामा विधानसभा क्षेत्र के बादपुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे करीब 15 गाड़ियों के बड़े काफिले के साथ वापस पटना लौट रहे थे। काफिले में सबसे आगे खुद विधायक अनंत सिंह की गाड़ी चल रही थी।
देखते ही देखते बन गई ‘एक्सीडेंट चेन’
हादसे के वक्त सबनिमा पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे कई ट्रक कतार में खड़े थे। विधायक की गाड़ी तो सुरक्षित आगे निकल गई, लेकिन उनके ठीक पीछे चल रही दूसरी गाड़ी अचानक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इसके बाद रफ्तार तेज होने के कारण पीछे आ रहीं चार अन्य गाड़ियां भी एक-दूसरे से भिड़ गईं। देखते ही देखते काफिले के पांच वाहन आपस में बुरी तरह टकरा गए।
खुद गाड़ी से उतरे अनंत सिंह, जाना समर्थकों का हाल
टक्कर की आवाज सुनते ही विधायक अनंत सिंह ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने खुद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के पास जाकर उसमें सवार समर्थकों और सुरक्षाकर्मियों का हाल-चाल जाना। यह सुनिश्चित करने के बाद कि सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है, वे करीब 5 मिनट बाद पटना के लिए रवाना हुए।