Knews Desk- NEET-UG 2026 री-एग्जाम में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। 21 जून 2026 को होने वाली परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए लगातार एसएमएस, ईमेल और व्हाट्सएप के माध्यम से रिमाइंडर भेजे जा रहे हैं। NTA ने साफ किया है कि पुराने एडमिट कार्ड अब मान्य नहीं होंगे।
एजेंसी ने बताया कि कई छात्रों ने अभी तक नया एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं किया है, जिसके चलते उन्हें समय रहते सूचना देने के लिए यह रिमाइंडर सिस्टम सक्रिय किया गया है। अभ्यर्थियों को केवल आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in से ही एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सलाह दी गई है। 3 मई 2026 को जारी किया गया पुराना एडमिट कार्ड अब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
NTA ने छात्रों को फर्जी संदेशों और साइबर ठगी से भी सतर्क रहने की चेतावनी दी है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि वह किसी भी छात्र से किसी प्रकार का भुगतान नहीं मांगती है और न ही परीक्षा प्रश्नपत्र, आंसर-की या किसी लीक सामग्री को साझा करती है। यदि किसी अभ्यर्थी को इस तरह के संदिग्ध संदेश मिलते हैं, तो उन्हें उस पर क्लिक न करने और तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, NTA के SMS केवल NICPEP सेंडर आईडी से भेजे जाते हैं, जबकि ईमेल सिर्फ [email protected] से ही जारी किए जा रहे हैं। व्हाट्सएप पर परीक्षा संबंधी जानकारी केवल वेरिफाइड नंबर +91 78279 80287 से भेजी जा रही है। छात्रों को ब्लू टिक वेरिफिकेशन और एजेंसी के नाम की पुष्टि के बाद ही किसी संदेश पर भरोसा करने को कहा गया है।
एजेंसी ने यह भी बताया कि कुछ उम्मीदवारों को नए परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं, इसी वजह से पुराना एडमिट कार्ड अमान्य कर दिया गया है। हालांकि जिन्होंने नया एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लिया है, उन्हें दोबारा डाउनलोड करने की आवश्यकता नहीं है। एक बार डाउनलोड किया गया एडमिट कार्ड ही परीक्षा में मान्य होगा। NTA ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें और किसी भी अफवाह या फर्जी लिंक से दूर रहें।