डिजिटल डेस्क- राजस्थान के राजनीतिक गलियारों में बुधवार को उस वक्त अचानक हलचल तेज हो गई, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कोटा दौरे के कार्यक्रम में ऐन वक्त पर बड़ा बदलाव किया गया. पहले जहां उनके ट्रेन से कोटा पहुंचने का कार्यक्रम तय था, वहीं अंतिम समय में रणनीति बदलते हुए अब वे चार्टर विमान से शिक्षा नगरी पहुंच रहे हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इस बदलाव की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि राहुल गांधी का यह पूरा दौरा देश के भविष्य, यानी युवाओं और कोचिंग छात्रों की समस्याओं पर केंद्रित रहेगा. राजनीतिक पंडित इसे राजस्थान में युवाओं के बीच कांग्रेस की पकड़ मजबूत करने और भाजपा सरकार को रोजगार, नीट-यूजी विवाद व पेपर लीक जैसे मोर्चों पर घेरने की बड़ी रणनीति के रूप में देख रहे हैं.
राहुल गांधी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
- दोपहर 2:00 बजे: राहुल गांधी नई दिल्ली से चार्टर विमान द्वारा कोटा के लिए उड़ान भरेंगे.
- दोपहर 3:15 बजे: उनका चार्टर विमान कोटा एयरपोर्ट पर लैंड करेगा, जहां दिग्गज कांग्रेस नेताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा.
- दोपहर 3:30 बजे: एयरपोर्ट से वे सीधे स्टेशन रोड स्थित नेहरू गार्डन के पास एक निजी होटल के लिए रवाना होंगे.
- शाम 4:00 से 7:30 बजे: होटल में विभिन्न छात्र संगठनों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे कोचिंग स्टूडेंट्स और प्रतिनिधिमंडलों के साथ राहुल गांधी का सीधा संवाद कार्यक्रम होगा. इस दौरान नीट-यूजी पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में धांधली और देश में बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा होगी.
- रात 8:00 बजे: वे कोटा के प्रसिद्ध दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचेंगे.
- रात 9:30 बजे: श्रीराम रंगमंच का कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे सीधे कोटा जंक्शन के लिए रवाना होंगे.
- रात 9:45 बजे: राहुल गांधी कोटा जंक्शन पहुंचेंगे और इंदौर-हिसार सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सवार होकर दिल्ली के लिए वापस रवाना हो जाएंगे.
सुरक्षा का कड़ा पहरा: ‘जेड प्लस’ और एएसएल अलर्ट
राहुल गांधी के इस हाई-प्रोफाइल दौरे को देखते हुए कोटा में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है. राहुल गांधी को एएसएल और जेड प्लस सुरक्षा कवच प्राप्त है. इसके मद्देनजर सीआरपीएफ (CRPF) और स्थानीय पुलिस की टीमें पिछले कई दिनों से सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा कर रही हैं. एयरपोर्ट से लेकर होटल और कार्यक्रम स्थलों तक के पूरे रूट का सुरक्षा ऑडिट मुकम्मत किया जा चुका है.