‘बिग बॉस 20’ की तैयारियां शुरू, सलमान खान की वापसी के साथ मेकर्स का बड़ा प्लान

KNEWS DESK – टीवी के सबसे चर्चित और लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ का नया सीजन जल्द ही दर्शकों के बीच दस्तक देने वाला है। लगातार 19 सफल सीजन के बाद अब मेकर्स ‘बिग बॉस 20’ को पहले से ज्यादा भव्य और मनोरंजक बनाने की तैयारी में जुट गए हैं। शो को लेकर नई जानकारियां भी सामने आने लगी हैं, जिससे फैंस की उत्सुकता बढ़ गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर 21 सितंबर से किया जा सकता है। हमेशा की तरह इस बार भी सलमान खान शो की मेजबानी करते नजर आएंगे। हालांकि शो शुरू होने से पहले सलमान अपनी आगामी एक्शन-थ्रिलर फिल्म की शूटिंग का बड़ा हिस्सा पूरा करना चाहते हैं। इस फिल्म का निर्देशन वामसी पैदिपल्ली कर रहे हैं और इसमें नयनतारा अहम भूमिका में दिखाई देंगी।

सूत्रों के अनुसार, सलमान खान की टीम उनके शूटिंग और शो होस्टिंग शेड्यूल को संतुलित करने में जुटी हुई है, ताकि दोनों प्रोजेक्ट्स पर किसी तरह का असर न पड़े।

वहीं दूसरी ओर, शो के कंटेस्टेंट्स को लेकर भी मेकर्स नई रणनीति पर काम कर रहे हैं। इस बार सिर्फ टीवी सितारों तक सीमित रहने के बजाय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और ओटीटी प्लेटफॉर्म से जुड़े चर्चित चेहरों को भी शो में शामिल करने की योजना बनाई जा रही है।

मेकर्स का मानना है कि इस कदम से युवा दर्शकों को ज्यादा आकर्षित किया जा सकेगा, जो आजकल डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर ज्यादा सक्रिय रहते हैं। जल्द ही कंटेस्टेंट्स की शॉर्टलिस्टिंग प्रक्रिया भी शुरू होने की उम्मीद है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘बिग बॉस 20’ अपने नए ट्विस्ट, नए चेहरों और सलमान खान की होस्टिंग के साथ दर्शकों का कितना मनोरंजन कर पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *