कैंसर से जंग लड़ रहीं दीपिका कक्कड़ ने दिया हेल्थ अपडेट, शुरू हुई इम्यूनोथेरेपी

KNEWS DESK – टीवी अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ इन दिनों कैंसर के इलाज से गुजर रही हैं और लगातार अपनी सेहत से जुड़ी जानकारी फैंस के साथ साझा कर रही हैं। हाल ही में उन्होंने अपने नए व्लॉग में बताया कि उनकी इम्यूनोथेरेपी शुरू हो चुकी है और पहला सेशन सफलतापूर्वक पूरा हो गया है।

दीपिका ने बताया कि उनकी ऑन्कोलॉजिस्ट की निगरानी में डबल इम्यूनोथेरेपी का पहला इन्फ्यूजन दिया गया है। आगे भी नियमित अंतराल पर आईवी के जरिए उनका इलाज जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें किसी बड़े साइड इफेक्ट का सामना नहीं करना पड़ा है, लेकिन इलाज के बाद कुछ दिनों तक कमजोरी, थकान और शरीर में हल्के बदलाव महसूस हुए।

एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि इम्यूनोथेरेपी के बाद उन्हें अचानक तेज बैक पेन और हल्का बुखार भी आया था। इससे चिंता बढ़ गई थी, जिसके बाद उन्होंने दोबारा डॉक्टर से संपर्क किया और जरूरी जांच करवाई। रिपोर्ट्स आने के बाद डॉक्टरों ने बताया कि यह किसी गंभीर दवा प्रतिक्रिया की वजह से नहीं, बल्कि संभवतः एक सामान्य वायरल संक्रमण के कारण हुआ था।

दीपिका ने कहा कि सभी मेडिकल रिपोर्ट्स सामान्य आईं, जिससे उन्हें और उनके परिवार को राहत मिली। अब उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है और समय-समय पर ब्लड टेस्ट, ट्यूमर मार्कर जांच और स्कैन भी किए जाएंगे।

गौरतलब है कि दीपिका कक्कड़ को पिछले वर्ष स्टेज-2 लिवर कैंसर का पता चला था। इसके बाद उनकी लंबी सर्जरी भी हुई थी, जिसमें लिवर से बड़ा ट्यूमर निकाला गया था। तब से वह लगातार इलाज करवा रही हैं और मजबूती के साथ इस बीमारी का सामना कर रही हैं।

फैंस भी सोशल मीडिया पर लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं और उनकी हिम्मत की सराहना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *